मध्य प्रदेशराज्य

MP में आज होगा बड़ा फैसला! जेरोन खालसा नगर परिषद अध्यक्ष की कुर्सी बचेगी या जाएगी? 61.52% मतदान के बाद मतगणना पर टिकी नजरें

निवाड़ी: मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले की जेरोन खालसा नगर परिषद में शुक्रवार को अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर बड़ा फैसला होने जा रहा है। अध्यक्ष कुसुम पस्तोर पद पर बनी रहेंगी या उन्हें हटना पड़ेगा, इसका फैसला आज होने वाली मतगणना से होगा। उनके खिलाफ राइट टू रिकॉल यानी पद से वापस बुलाने के अधिकार के तहत मतदान कराया गया था। इस दौरान कुल 61.52 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अब सभी की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।

2022 में अध्यक्ष बनी थीं कुसुम पस्तोर, इसी साल शुरू हुआ विरोध

कुसुम पस्तोर वर्ष 2022 में जेरोन खालसा नगर परिषद की अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। हालांकि, इसी साल अप्रैल में नगर परिषद के पार्षदों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्षदों की नाराजगी की वजह उनके कामकाज का तरीका बताया गया। इसके अलावा उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए।

वहीं, कुसुम पस्तोर ने इन आरोपों पर अपनी आपत्ति जताई थी। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने पार्षदों को गुमराह करके उनसे हस्ताक्षर करवाए हैं। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए आरोप लगाया कि कुछ लोग नगर परिषद का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

15 में से 12 पार्षदों ने शुरू की थी हटाने की प्रक्रिया

जेरोन खालसा नगर परिषद में कुल 15 वार्ड हैं। यहां निर्वाचित 12 पार्षदों ने अध्यक्ष कुसुम पस्तोर को पद से हटाने की पहल की थी। हालांकि, बाद में इनमें से तीन पार्षद अपने रुख से पीछे हट गए और उन्होंने कुसुम पस्तोर का समर्थन कर दिया।

इसके बाद मध्य प्रदेश नगरपालिका अधिनियम, 1961 की धारा 47 के तहत कलेक्टर के सामने प्रस्ताव पेश किया गया। इसी प्रक्रिया के आधार पर अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने के सवाल पर मतदान कराया गया।

अब मतगणना से स्पष्ट होगा कि मतदाताओं ने कुसुम पस्तोर को अध्यक्ष पद पर बनाए रखने का समर्थन किया है या उन्हें हटाने के पक्ष में फैसला सुनाया है।

7,799 मतदाताओं में से 4,798 ने किया मतदान

जेरोन खालसा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 7,799 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 4,031 पुरुष और 3,768 महिलाएं शामिल थीं। मतदान के दौरान कुल 4,798 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

इनमें 2,635 पुरुष और 2,163 महिलाएं शामिल रहीं। इस तरह नगर परिषद क्षेत्र में कुल 61.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

महिलाओं के मुकाबले पुरुषों ने ज्यादा किया मतदान

मतदान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पुरुष मतदाताओं की भागीदारी महिलाओं से अधिक रही। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 65.37 दर्ज किया गया, जबकि महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत 57.40 रहा। अब मतगणना के नतीजे तय करेंगे कि जेरोन खालसा नगर परिषद की अध्यक्ष कुसुम पस्तोर अपनी कुर्सी बचाने में सफल होती हैं या उन्हें पद छोड़ना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button