
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नेहरू विहार इलाके में सोमवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दिनदहाड़े हुई गैंगवार में एक कारोबारी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने अत्याधुनिक पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलाईं। मृतक की पहचान राशिद के रूप में हुई है। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर अर्धसैनिक बल तैनात कर दिया है।
सिर से लेकर पेट तक दागीं गोलियां
जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने राशिद पर बेहद करीब से हमला किया। उसके सिर, चेहरे, पेट, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में करीब 12 गोलियां लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस शुरुआती जांच में इसे गैंगवार और पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है।
राजा मेवाती हत्याकांड के बदले की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ महीने पहले कुख्यात बदमाश राजा मेवाती ने राशिद से रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं मिलने पर उसके घर के बाहर फायरिंग भी की गई थी। वहीं 26 मई को राजा मेवाती की हत्या कर दी गई थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि राजा गिरोह को शक था कि इस हत्या के पीछे राशिद की भूमिका थी। इसी वजह से बदले की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है।
घर के बाहर बैठे थे राशिद, तभी पहुंच गए हमलावर
परिजनों के अनुसार सोमवार शाम करीब छह बजे राशिद अपने पिता के घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान तीन हमलावर वहां पहुंचे और आते ही पहली गोली उनके सिर में मार दी। इसके बाद लगातार गोलियां बरसाई गईं। परिवार का दावा है कि हमलावरों ने यह सुनिश्चित करने की भी कोशिश की कि राशिद की मौत हो चुकी है या नहीं।
हत्या के बाद घर के बाहर भी की फायरिंग
परिजनों का कहना है कि राशिद को गोली मारने के बाद हमलावर उसके घर के बाहर पहुंचे और वहां भी करीब दस राउंड फायरिंग की। लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। परिवार ने आरोप लगाया है कि रंगदारी विवाद के चलते राजा गिरोह से जुड़े बदमाशों ने हत्या की है।
जांच में सामने आया हारुन का नाम
पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि इस हत्याकांड में राजा मेवाती का भांजा हारुन शामिल हो सकता है। पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।
ऑटो कारोबार और पानी प्लांट का संचालन करता था राशिद
स्थानीय लोगों के मुताबिक राशिद ने अपने करियर की शुरुआत ऑटो चालक के रूप में की थी। समय के साथ उसने दर्जनों ऑटो खरीद लिए और उन्हें किराये पर चलवाने लगा। इसके अलावा वह इलाके में एक पानी प्लांट की भी देखरेख करता था। परिवार में उसके पिता, पत्नी, पांच बच्चे और पांच भाई हैं।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
हत्या के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने यह भी बताया है कि मृतक पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। हालात को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और आरएएफ की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



