अद्धयात्मजीवनशैली

निर्जला एकादशी पर बनेगा दुर्लभ नवपंचम राजयोग, इन 4 राशियों के लिए खुल सकते हैं तरक्की और धन लाभ के द्वार

नई दिल्ली: इस वर्ष निर्जला एकादशी 25 जून को मनाई जाएगी। भगवान विष्णु को समर्पित इस पावन व्रत का धार्मिक महत्व तो है ही, साथ ही ज्योतिषीय दृष्टि से भी यह दिन बेहद खास माना जा रहा है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार निर्जला एकादशी पर शनि और शुक्र की विशेष स्थिति से नवपंचम राजयोग का निर्माण होगा, जिसे अत्यंत शुभ और प्रभावशाली योगों में गिना जाता है।

बताया जा रहा है कि 25 जून 2026 को शनि और शुक्र एक-दूसरे से 120 डिग्री की दूरी पर स्थित रहेंगे। ज्योतिष शास्त्र में शनि और शुक्र को परस्पर मित्र ग्रह माना गया है। ऐसे में इन दोनों ग्रहों के प्रभाव से बनने वाला नवपंचम राजयोग आर्थिक, व्यावसायिक और व्यक्तिगत जीवन में सकारात्मक परिणाम देने वाला माना जा रहा है।

क्या है नवपंचम राजयोग?

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार नवपंचम राजयोग तब बनता है जब दो ग्रह एक-दूसरे से पंचम और नवम भाव के संबंध में स्थित होते हैं। इसे त्रिकोणीय संबंध भी कहा जाता है। सरल शब्दों में कहें तो जब दो ग्रहों के बीच लगभग 120 डिग्री का कोण बनता है, तब नवपंचम योग का निर्माण होता है। यह योग व्यक्ति के जीवन में उन्नति, समृद्धि और सफलता के अवसर बढ़ाने वाला माना जाता है।

वृषभ राशि वालों को मिल सकते हैं सफलता के नए अवसर

नवपंचम राजयोग का प्रभाव वृषभ राशि के जातकों के लिए लाभकारी माना जा रहा है। कार्यक्षेत्र में प्रगति के संकेत हैं और लंबे समय से रुके हुए कार्यों में तेजी आ सकती है। कारोबार करने वालों को किसी महत्वपूर्ण सौदे से लाभ मिलने की संभावना है। पैतृक संपत्ति से भी फायदा मिल सकता है। समाज और कार्यस्थल पर मान-सम्मान बढ़ने के योग बन रहे हैं।

मिथुन राशि की आय में हो सकती है बढ़ोतरी

मिथुन राशि के लोगों के लिए यह योग आर्थिक दृष्टि से शुभ माना जा रहा है। आय के नए स्रोत विकसित हो सकते हैं और एक से अधिक माध्यमों से धन लाभ मिलने की संभावना है। नौकरी या व्यापार के सिलसिले में की गई यात्राएं लाभकारी साबित हो सकती हैं। पारिवारिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं और रिश्तों में मधुरता बढ़ सकती है।

कन्या राशि को मिल सकते हैं अप्रत्याशित लाभ

कन्या राशि के जातकों के लिए यह योग अचानक धन लाभ के संकेत दे रहा है। पुराने निवेश से अच्छा रिटर्न मिलने की संभावना जताई जा रही है। नौकरीपेशा लोगों को नई जिम्मेदारियां या पदोन्नति मिल सकती है। वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग प्राप्त हो सकता है। कला, लेखन, मीडिया और डिजिटल कंटेंट जैसे रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए भी यह समय अनुकूल माना जा रहा है।

कुंभ राशि पर रहेगी शनि की विशेष कृपा

कुंभ राशि के स्वामी शनि देव माने जाते हैं। ऐसे में नवपंचम राजयोग का प्रभाव इस राशि के जातकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी माना जा रहा है। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और नए कार्यों की शुरुआत के लिए समय अनुकूल रह सकता है। कारोबार के विस्तार की योजनाएं सफल हो सकती हैं। साथ ही मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों में भी राहत मिलने के संकेत हैं।

Related Articles

Back to top button