छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 5 मजदूरों की मौत, 20 से अधिक घायल

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से छिंदवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
तीन महिलाएं और दो पुरुषों की मौत
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे ने हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। एक मृतक की पहचान मछेरा गांव निवासी के रूप में हुई है, जबकि अन्य चार मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
कई घायलों की हालत गंभीर
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, दुर्घटना में घायल हुए 20 से अधिक मजदूरों का इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। तीन घायलों का ऑपरेशन किया जा रहा है, जबकि एक गंभीर मरीज को बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
राहत-बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक मजदूर सवार थे, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच के बाद ही आधिकारिक जानकारी देगी। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर मजदूरों के असुरक्षित परिवहन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



