उधारी के रुपये मांगने पर पिटबुल से कराया हमला, 100 से अधिक टांके आए
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और मुश्किल से पिटबुल को रमन से अलग किया
Meerut News: थाना रोहटा के रसूलपुर जाहिद गांव में एक मावा कारोबारी को उधार के रुपये मांगना भारी पड़ गया। पड़ोस के जिले बागपत में दूध की बकाया उधारी के रुपये मांगने आरोपी ने पालतू पिटबुल कुत्ते से व्यापारी पर हमला करवाकर बुरी तरह से घायल कर दिया। घायल कारोबारी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसके शरीर पर 100 से अधिक टांके लगाए गए हैं। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
दूध के उधार रुपये मांगने गया था रमन
रसूलपुर जाहिद निवासी रमन पुत्र बब्बल गांव में मावे की भट्टी चलाता है। रमन के मुताबिक, बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के इब्राहिम गामड़ी निवासी सोनू पर उसके रुपये उधार थे। सोनू के घर पर दो पिटबुल कुत्ते हैं। रमन पिछले तीन दिनों से उधारी की रकम का तगादा करने के लिए सोनू के पास जा रहा था। दोपहर को रमन रकम वापस लेने के लिए सोनू के घर पहुंचा था।
रंजिशन एक पिटबुल कुत्ते को खुला छोड़ दिया
रमन जैसे ही घर के भीतर दाखिल हुआ, तभी सोनू ने रंजिशन अपने एक पिटबुल कुत्ते को खुला छोड़ दिया। खूंखार पिटबुल कुत्ते ने रमन पर हमला कर बुरी तरह नोंचना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और मुश्किल से पिटबुल को रमन से अलग किया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से जख्मी हो चुका था।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया
रमन के परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने गंभीर चोटों को देखते हुए 100 से अधिक टांके लगाए हैं। उपचार के बाद परिजन घायल रमन को लेकर सिंघावली अहीर थाने पहुंचे। जहां कुत्ते के मालिक सोनू के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।



