मेरठ में ऑनर किलिंग: प्रेमी के साथ गई बहन तो भाई ने ले ली जान
Meerut news: मेरठ के थाना लोहियानगर क्षेत्र में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। आरोपी भाई ने अपनी बहन की इस कारण हत्या कर दी क्योंकि बहन प्रेमी के साथ चली गई थी। भाई ने परिवार की इज्जत बचाने के लिए बहन की हत्या कर दी। बहन की हत्या का आरोपी भाई को जरा भी पछतावा नहीं है। आरोपी भाई ने हत्या के बाद स्वयं थाने पहुंचकर जानकारी दी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रविवार सुबह परिचित के साथ गई थी बहन
युवती रविवार सुबह परिचित युवक के साथ घर से चली गई थी। दो दिन बाद वह घर वापस आई तो भाई और बहन के बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद भाई ने दुपट्टे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान घर में परिजन भी उपस्थित थे।
बहन के प्रेम संबंधों को लेकर नाराज था भाई
कोतवाली सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपी ने बताया कि वो बहन के प्रेम संबंधों को लेकर लंबे समय से नाराज था। उसका कहना था कि परिवार की बदनामी के चलते उसने बहन की हत्या की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कहा कि वह जेल जाने के लिए तैयार है। लेकिन परिवार की इज्जत से समझौता नहीं करेगा।
घर में आए दिन होता था विवाद
पुलिस के अनुसार युवती का दौराला निवासी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी और परिवार के सदस्यों से पूछताछ में पता चला कि घर में इसको लेकर विवाद होता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कई बार युवक को फोन कर धमकी दी थी। इन तथ्यों की पुलिस जांच कर रही है।
मायके में रह रही थी युवती
पुलिस के अनुसार युवती का विवाह कम उम्र में हुआ था। वह छह माह से मायके रह रही थी। जांच में सामने आया कि परिवार उसे ससुराल भेजना चाहता था, लेकिन युवती ने जाने से मना कर दिया।



