मध्य प्रदेशराज्य

PM सूर्य घर योजना में बड़ा फायदा! 3 किलोवॉट सोलर प्लांट पर मिल रही 78 हजार रुपये की सब्सिडी, लाखों उपभोक्ताओं को मिला लाभ

भोपाल: प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार लोगों को प्रोत्साहित कर रही है। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि योजना के अंतर्गत अब तक 1 लाख 43 हजार 150 उपभोक्ता लाभान्वित हो चुके हैं। इन लाभार्थियों के बैंक खातों में 1010 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी राशि जमा कराई जा चुकी है।

ऊर्जा मंत्री के अनुसार योजना के तहत सोलर संयंत्र लगाने वाले उपभोक्ताओं को क्षमता के आधार पर केंद्र सरकार की ओर से आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवॉट के सोलर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, दो किलोवॉट के संयंत्र पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता के सोलर संयंत्र पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है।

13 फरवरी 2024 को शुरू हुई थी योजना

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का शुभारंभ 13 फरवरी 2024 को किया गया था। योजना का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ना और बिजली खर्च में कमी लाना है। इसके साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

ऑनलाइन आवेदन से मिलेगा लाभ

योजना का लाभ लेने के इच्छुक उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है, जिससे लोग आसानी से घर बैठे पंजीकरण कर सकें। इसके अलावा संबंधित विद्युत वितरण कंपनियों के माध्यम से भी योजना की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

नाम की जानकारी एक जैसी होना जरूरी

ऊर्जा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सब्सिडी प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बैंक खाते, आधार कार्ड और बिजली बिल में दर्ज नाम एक समान होना चाहिए। किसी भी प्रकार की विसंगति होने पर सब्सिडी जारी होने में देरी हो सकती है।

अधिकृत वेंडर से ही लगवाएं सोलर संयंत्र

योजना के तहत पंजीकरण के बाद उपभोक्ताओं को केवल विद्युत वितरण कंपनी में पंजीकृत अधिकृत वेंडर से ही सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराना होगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत लगाए जा रहे सभी सौर संयंत्रों में स्मार्ट मीटर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जा रही है।

तीनों विद्युत वितरण कंपनियों में हजारों उपभोक्ता लाभान्वित

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत 51 हजार 343 सोलर संयंत्रों पर 361 करोड़ 99 लाख रुपये की सब्सिडी वितरित की गई है। वहीं पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्र में 58 हजार 715 संयंत्रों के लिए 416 करोड़ 30 लाख 39 हजार रुपये की सहायता दी गई है। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्र में 33 हजार 92 सोलर संयंत्रों पर 231 करोड़ 95 लाख 50 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है।

बिजली बचत के साथ बढ़ रहा सौर ऊर्जा का दायरा

सरकार का मानना है कि योजना के माध्यम से आम उपभोक्ताओं का बिजली खर्च कम होगा और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। लगातार बढ़ती भागीदारी इस योजना की लोकप्रियता और उपयोगिता को दर्शा रही है।

Related Articles

Back to top button