मध्य प्रदेशराज्य

MP News: पंचायत से नाराज युवक चढ़ा मोबाइल टावर पर, 2 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मकड़ावन गांव में पंचायत की कार्यप्रणाली से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। पुलिस ने उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।

गुरुवार को मकड़ावन गांव निवासी दलित युवक शिवलाल मेघवाल अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक का आरोप था कि उसकी शिकायतों पर पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही है। टावर पर युवक के चढ़ने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

जमीन विवाद और शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप

शिवलाल मेघवाल का आरोप है कि उसके घर के पास किशोर और किशनलाल प्रजापति ने जमीन खरीदी है। इसके बाद से उसके घर को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उसका कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत शामगढ़ थाने में की थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

परिवार का आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर पहले शिवलाल के भाई गोविंद ने जहर पी लिया था। उसके इलाज में परिवार के 4 से 5 लाख रुपये खर्च हुए थे।

पुलिस और स्थानीय नेताओं की समझाइश के बाद उतरा युवक

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी भी घटनास्थल पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक समझाइश और शिकायत के समाधान का भरोसा दिलाने के बाद युवक सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया।

आजाद समाज पार्टी ने लगाए गंभीर आरोप

आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी ने आरोप लगाया कि जिले में दलितों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस को निष्पक्ष और तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।

थाना प्रभारी और सरपंच ने क्या कहा

शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र ने बताया कि इस मामले में थाने में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उनके अनुसार, यह विवाद ग्राम पंचायत मकड़ावन से जुड़ा है, जहां गांव में नाला निर्माण का कार्य चल रहा था।

वहीं, सरपंच संजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि नाले के निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में शामगढ़ थाने में दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता करा दिया गया है और भविष्य में किसी तरह का विवाद नहीं होने की बात कही गई है।

Related Articles

Back to top button