स्कूल बस में सवार थे 50 बच्चे, अचानक पलटी बस; मची चीख-पुकार, कई छात्र घायल, एक की हालत गंभीर

अहिल्यानगर: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राहुरी क्षेत्र के कोंढवड गांव के पास बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 50 छात्र-छात्राएं सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस पलटते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बस की खिड़कियों और दरवाजों के जरिए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंच गया।
10 से 15 बच्चे घायल, एक छात्र की हालत नाजुक
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में 10 से 15 बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य बच्चों की स्थिति स्थिर है। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी भी बच्चे की जान नहीं गई।
घटनास्थल का वीडियो आया सामने
हादसे के बाद दुर्घटनास्थल का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में स्कूल बस सड़क किनारे पलटी हुई दिखाई दे रही है, जबकि स्थानीय लोग और बचावकर्मी बच्चों को निकालने और सहायता पहुंचाने में जुटे नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
हादसे की वजह अब तक साफ नहीं
फिलहाल बस के पलटने के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आ सकी है। शुरुआती जानकारी में चालक के नियंत्रण खोने की बात कही जा रही है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। चालक से पूछताछ के साथ-साथ वाहन की तकनीकी स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।
अस्पताल पहुंचे परिजन, प्रशासन ने दिया भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही घायल बच्चों के परिजन अस्पताल और दुर्घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। हादसे के बाद परिवारों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने कहा है कि सभी घायल बच्चों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।



