मध्य प्रदेशराज्य

मैहर में दर्दनाक हादसा! कुएं में गिरे बैल को बचाने उतरे 4 ग्रामीण, दम घुटने से 3 की मौत, एक की हालत गंभीर

मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। ग्राम खरमसेड़ा के अहिरान टोला में कुएं में गिरे एक बैल को बचाने के प्रयास में चार ग्रामीण एक-एक कर कुएं में उतर गए। कुएं के भीतर ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण चारों बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक ग्रामीण की हालत गंभीर बनी हुई है।

बैल को बचाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे रामनिवास कुशवाहा के घर के पास स्थित लगभग 35 फीट गहरे कुएं में एक बैल गिर गया। उसे बचाने के लिए गांव के दो युवक रस्सी के सहारे कुएं में उतरे, लेकिन नीचे पहुंचते ही ऑक्सीजन की कमी के कारण उनका दम घुटने लगा और कुछ ही देर में उनकी आवाज आना बंद हो गई।

दोनों को संकट में देख बाहर मौजूद दो अन्य ग्रामीण भी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतर गए। हालांकि वे भी कुएं के भीतर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत हो गए।

ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान

जब काफी देर तक कुएं के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद ग्रामीणों ने रस्सियों, हुक और कांटों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद चारों को एक-एक कर बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में तीन को मृत घोषित किया गया

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन ग्रामीणों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान कृष्ण कुमार यादव (28), वीरेंद्र यादव (47) और राहुल यादव (34) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम खरमसेड़ा के अहिरान टोला के निवासी थे।

वहीं, चौथे ग्रामीण रामचंद्र यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है।

दम घुटने की आशंका, जांच जारी

बताया जा रहा है कि करीब 35 फीट गहरे इस कुएं में घुटनों तक पानी भरा हुआ था। प्रारंभिक आशंका है कि लंबे समय से हवा का पर्याप्त प्रवाह नहीं होने के कारण कुएं के निचले हिस्से में कार्बन मोनोऑक्साइड या अन्य जहरीली गैसें जमा हो गई थीं, जिससे अंदर उतरने वाले ग्रामीणों का दम घुट गया।

अमरपाटन एसडीओपी ख्याति मिश्रा ने बताया कि बैल को बचाने के लिए चार लोग कुएं में उतरे थे। समय पर बाहर नहीं आने पर ग्रामीणों ने उन्हें निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला दम घुटने का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button