‘मोदी सरकार नहीं होती तो कश्मीर के युवा रणजी विजेता नहीं, पत्थरबाज कहलाते’, जम्मू में बोले BJP अध्यक्ष नितिन नवीन

जम्मू: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जम्मू दौरे के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में बड़े बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र में भाजपा सरकार नहीं होती तो जम्मू-कश्मीर के युवाओं की पहचान रणजी ट्रॉफी के विजेताओं के रूप में नहीं, बल्कि पत्थरबाजों के रूप में होती।
अनुच्छेद 370 हटाने को बताया ऐतिहासिक फैसला
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर यहां के लोगों को वास्तविक आजादी दिलाई और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार किया। उन्होंने कहा कि आज डॉ. मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर देशभर में उनके विचारों को सम्मान दिया जा रहा है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले जम्मू-कश्मीर के युवाओं की पहचान अक्सर पत्थरबाजी से जुड़ गई थी। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा दौर में वही युवा खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और रणजी ट्रॉफी जैसे राष्ट्रीय मंचों पर जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की नीतियों और युवाओं को मिले प्रोत्साहन का परिणाम बताया।
दो दिवसीय दौरे पर हैं नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमवार से जम्मू के दो दिवसीय दौरे पर हैं। पहले दिन वह मिश्रीवाला में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी की तैयारी की गई है।
युवाओं और पदाधिकारियों से करेंगे संवाद
दौरे के दौरान नितिन नवीन पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इसके अलावा वह युवा संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे और विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
वैष्णो देवी और रघुनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन
अपने कार्यक्रम के तहत नितिन नवीन श्री रघुनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। वहीं 7 जुलाई को श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद डोगरा चौक पहुंचकर पंडित प्रेमनाथ डोगरा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह कन्वेंशन सेंटर में सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और युवाओं के साथ आयोजित बैठकों में शामिल होंगे।



