हिमाचल में अवैध संबंधों का खूनी अंजाम! पत्नी ने कथित प्रेमी संग मिलकर पति की बेरहमी से हत्या, झाड़ियों में फेंका शव

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बोहली पंचायत के जोहड़ पटियाला गांव में एक महिला पर अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद दोनों ने शव को घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके। मामले में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पारिवारिक कार्यक्रम के बाद हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच के मुताबिक शनिवार रात घर में एक पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक हो गया। आरोप है कि महिला और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर पति पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
झाड़ियों में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
हत्या के बाद आरोपितों ने शव को घर से दूर झाड़ियों में फेंक दिया। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया। घटनास्थल से जुटाए गए फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी से पूछताछ की गई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद के एंगल से जांच
पुलिस अधीक्षक टीएसडी वर्मा ने बताया कि मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस कथित प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद और अन्य सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दंपती की एक छोटी बेटी भी है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे का वास्तविक मकसद विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या और आपराधिक षड्यंत्र समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक, पत्नी और कथित प्रेमी नेपाल के रहने वाले
पुलिस के अनुसार मृतक 30 वर्षीय रूपलाल, उसकी 26 वर्षीय पत्नी चंद्रा चलाउने और 35 वर्षीय कथित प्रेमी चक्रा बहादुर तीनों नेपाल के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला रेतकर हत्या की।



