महाराष्ट्र में बारिश-बाढ़ पर सुप्रिया सुले ने जताई चिंता, बोलीं- इंफ्रास्ट्रक्चर फेल, निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदारों पर कार्रवाई

पुणे: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश, भूस्खलन और उससे जुड़े हादसों को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि राज्य में हालात चिंताजनक हैं और हाल के दिनों में हुई मौतों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनके अनुसार, पुणे और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों में बुनियादी ढांचे का इस तरह प्रभावित होना चिंता का विषय है।
इंफ्रास्ट्रक्चर की निष्पक्ष जांच की मांग
सुप्रिया सुले ने कहा कि भारी बारिश के दौरान सामने आई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना था कि राज्य के प्रमुख शहरों में बुनियादी ढांचे की स्थिति पर गंभीरता से समीक्षा की आवश्यकता है।
सरकार से वर्क फ्रॉम होम लागू करने की अपील
सांसद ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि मुंबई, पुणे और अन्य कई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि जहां संभव हो, वहां कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दी जाए। उन्होंने विशेष रूप से पुणे के राजीव गांधी इन्फोटेक पार्क और अन्य प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए यह मांग उठाई।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
सुप्रिया सुले ने नागरिकों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि खासकर नदियों के किनारे रहने वाले लोग प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें और बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें।
विकास परियोजनाओं में पर्यावरण की अनदेखी का आरोप
सुप्रिया सुले ने आरोप लगाया कि राज्य में चल रही बड़ी विकास परियोजनाओं के दौरान पर्यावरण संरक्षण को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई हो रही है, जिसका असर आम लोगों पर पड़ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि राज्य में चल रही प्रमुख परियोजनाओं का ऑडिट कराया जाए और पूरी स्थिति जनता के सामने स्पष्ट की जाए।
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर भी दी प्रतिक्रिया
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा मामले में सामने आए कथित हेराफेरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि अयोध्या से लेकर उज्जैन तक देश के धार्मिक स्थल करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। यदि ऐसे पवित्र स्थलों पर भ्रष्टाचार हुआ है तो यह बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला है उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को संसद में उठाएगी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेगी।



