तेज बारिश में भोपाल रेलवे स्टेशन की खुली पोल! प्लेटफॉर्म की छत से झरने की तरह बहा पानी, वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया रेलवे

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हुई तेज बारिश ने रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। शहर के प्रमुख भोपाल रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की छत से बारिश का पानी झरने की तरह बहता दिखाई दिया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों को भीगते हुए ट्रेन का इंतजार करना पड़ा और आने-जाने में भी दिक्कत हुई। कई यात्रियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
वायरल हो रहे वीडियो में प्लेटफॉर्म की छत से लगातार पानी गिरता साफ दिखाई दे रहा है। बारिश के बीच स्टेशन पर बने हालात ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की स्थिति सामने आने से यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली।
यात्रियों ने रखरखाव व्यवस्था पर उठाए सवाल
यात्रियों का कहना है कि बारिश के मौसम में रेलवे स्टेशन पर इस तरह की स्थिति गंभीर लापरवाही को दर्शाती है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते स्टेशन की मरम्मत और नियमित रखरखाव किया गया होता तो ऐसी नौबत नहीं आती। लोगों का कहना है कि मानसून शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जानी चाहिए थीं, ताकि यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
रेलवे प्रशासन ने कहा- मामला संज्ञान में, शुरू हुई कार्रवाई
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई। पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि वायरल वीडियो विभाग के संज्ञान में आ गया है। उन्होंने कहा कि जिस समय यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया, उस दौरान इलाके में तेज बारिश हो रही थी और वीडियो में छत से पानी गिरता हुआ दिखाई दे रहा है।
उन्होंने बताया कि संबंधित स्थान के रेन वॉटर आउटलेट और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई कराई जा रही है। उनके अनुसार प्री-मानसून के दौरान सभी स्टेशनों पर नियमित रूप से सफाई और रखरखाव का कार्य कराया जाता है। जहां भी पानी रिसने या टपकने जैसी समस्या सामने आती है, वहां आवश्यक मरम्मत भी कराई जाती है।
वायरल वीडियो की जांच शुरू, लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
रेलवे प्रशासन ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा अन्य अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



