पर्यटन

भारत का ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ जहां विदेशियों की एंट्री है प्रतिबंधित, सिर्फ भारतीय उठा सकते हैं इस जन्नत जैसी वादियों का आनंद

देहरादून: भारत में ऐसे कई पर्यटन स्थल हैं, जहां हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी पहुंचते हैं। लेकिन उत्तराखंड में एक ऐसा खूबसूरत हिल स्टेशन भी मौजूद है, जहां विदेशी नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। यहां की मनमोहक वादियों, घने जंगलों और प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद केवल भारतीय नागरिक ही ले सकते हैं। यही वजह है कि यह जगह अपनी अलग पहचान रखती है।

उत्तराखंड का चकराता शांत वातावरण, हरियाली और हिमालय के मनमोहक दृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। प्राकृतिक सुंदरता के कारण इसे कई लोग भारत का ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ भी कहते हैं। हालांकि इसकी सबसे खास बात यह है कि यहां विदेशी पर्यटकों को आने की अनुमति नहीं है।

क्यों नहीं मिलती विदेशियों को एंट्री?

चकराता की स्थापना वर्ष 1866 में अंग्रेजों के शासनकाल के दौरान की गई थी। उस समय ईस्ट इंडिया कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी गर्मियों की छुट्टियां बिताने के लिए यहां आते थे। बाद में वर्ष 1869 में इस क्षेत्र को कैंटोनमेंट बोर्ड के अधीन कर दिया गया।

वर्तमान समय में चकराता भारतीय सेना के महत्वपूर्ण कैंटोनमेंट क्षेत्र का हिस्सा है। सुरक्षा कारणों से यहां विदेशी नागरिकों के प्रवेश पर रोक है। वहीं भारतीय नागरिक बिना किसी प्रतिबंध के यहां घूम सकते हैं और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकते हैं।

टाइगर फॉल्स बना पर्यटकों की पहली पसंद

चकराता की सबसे लोकप्रिय जगहों में टाइगर फॉल्स शामिल है। ऊंचाई से गिरता यह खूबसूरत झरना प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों को खूब आकर्षित करता है। शहर की भीड़भाड़ से दूर स्थित यह स्थान सुकून के कुछ पल बिताने के लिए बेहतरीन माना जाता है।

बुधेर गुफा में मिलेगा रोमांच का अलग अनुभव

चकराता से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित बुधेर गुफा उत्तराखंड की ऐतिहासिक और प्रसिद्ध जगहों में गिनी जाती है। ट्रेकिंग, कैंपिंग और हाईकिंग के शौकीनों के लिए यह स्थान खास आकर्षण का केंद्र है। परिवार और दोस्तों के साथ घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए भी यह बेहतरीन विकल्प माना जाता है।

चिलमिरि नेक से दिखता है हिमालय का शानदार नजारा

चिलमिरि नेक चकराता की सबसे ऊंची चोटियों में से एक है। देवदार के घने जंगलों से घिरा यह पर्यटन स्थल हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का शानदार दृश्य प्रस्तुत करता है। यहां ट्रेकिंग के साथ सूर्योदय और सूर्यास्त का नजारा भी पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है।

Related Articles

Back to top button