उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी होमगार्ड्स को बड़ी राहत! 5 लाख तक मिलेगा कैशलेस इलाज, हर थाने में बनेंगे विश्राम कक्ष; मंत्री धर्मवीर प्रजापति का बड़ा ऐलान

मथुरा: उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है। प्रदेश के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि राज्य सरकार के फैसले के तहत होमगार्ड जवानों और उनके स्वजनों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के प्रत्येक थाने में होमगार्ड्स के लिए विश्राम कक्ष भी बनाए जाएंगे।

मंगलवार सुबह वृंदावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि ड्यूटी के दौरान होमगार्ड्स को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर थाने में उनके विश्राम की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराएगी।

अवैतनिक अधिकारियों को भी मिलेगा लाभ

मंत्री ने बताया कि प्रस्ताव के अनुसार होमगार्ड विभाग में तैनात अवैतनिक अधिकारियों को भी कैशलेस उपचार योजना का लाभ दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य विभाग से जुड़े सभी पात्र लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी दिया बयान

धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

विपक्ष पर साधा निशाना

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब यह समझ चुकी है कि भारतीय जनता पार्टी विकास की राजनीति करती है।

अयोध्या मामले पर क्या बोले मंत्री?

अयोध्या प्रकरण को लेकर पूछे गए सवाल पर धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि यह मामला जांच के दायरे में है और इसकी जांच एसआईटी कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आएंगे। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि विपक्ष विनाश की राजनीति में विश्वास रखता है, जबकि भाजपा विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है।

Related Articles

Back to top button