बिहारराज्य

दरभंगा में गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी! गला घोंटकर हत्या का आरोप, 2 साल की बेटी को लेकर पति और ससुराल पक्ष फरार

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में तीन माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य दो साल की बच्ची को साथ लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

यह घटना फेकला थाना क्षेत्र के बरूआरा गांव की है। मृतका की पहचान वार्ड संख्या 13 निवासी 22 वर्षीय खुशबू कुमारी, पत्नी राकेश मुखिया, के रूप में हुई है।

घर पहुंचे परिजनों को पलंग पर मिला शव

मृतका के छोटे भाई रूपेश सहनी के अनुसार, बुधवार सुबह एक रिश्तेदार ने फोन पर बहन की मौत और ससुराल वालों के घर छोड़कर चले जाने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर जब परिवार के लोग बरूआरा गांव पहुंचे तो खुशबू का शव घर में पलंग पर पड़ा मिला, जबकि घर में कोई मौजूद नहीं था। परिजनों का आरोप है कि पति और अन्य ससुराल वाले उनकी दो वर्षीय बेटी को भी अपने साथ ले गए हैं।

दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि करीब तीन वर्ष पहले खुशबू की शादी राकेश मुखिया से चार लाख रुपये दहेज देकर की गई थी। इसके बावजूद पति, देवर, सास और ससुर लगातार 60 हजार रुपये की अतिरिक्त दहेज राशि की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे।

परिजनों का कहना है कि दो वर्ष पहले बेटी के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। खुशबू इस समय तीन माह की गर्भवती थी और आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

गले पर मिले निशान, पुलिस जांच में जुटी

परिजनों के मुताबिक, मृतका के गले पर काले निशान मिले हैं, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले में फेकला थाना में शिकायत दी गई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार पति समेत अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button