मौसम अलर्ट: उत्तराखंड में रेड अलर्ट, पूर्वोत्तर समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी; देश के अन्य हिस्सों में कमजोर पड़ा मॉनसून

नई दिल्ली: देशभर में मॉनसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, लेकिन उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने इन क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं, राजस्थान के कुछ इलाकों में तेज धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और बिहार के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में चार से पांच दिन बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं। दूसरी ओर, अगले पांच से छह दिनों तक उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मॉनसून कमजोर रहने और सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है।
उत्तराखंड में रेड अलर्ट, कई सड़कें बंद
उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। प्रदेश में 126 सड़कें बंद हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। स्याना चट्टी में भूस्खलन के चलते ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है, जबकि यमुनोत्री मार्ग पर भी आवाजाही बाधित है।
राजस्थान में धूलभरी आंधी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में अगले पांच से छह दिनों तक मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है। हालांकि 13 से 15 जुलाई के बीच शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी तेज हवाएं चलने और आंधी आने का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल में 14 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। कोचबिहार जिले के पुंडिबारी में सबसे अधिक 89 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 14 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उप-हिमालयी क्षेत्रों के अलावा बांकुरा, बर्दवान, नदिया और मुर्शिदाबाद समेत दक्षिणी जिलों में भी तेज बारिश की संभावना है।
ओडिशा के कई जिलों में चार दिन तक बारिश के आसार
ओडिशा में अगले चार दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। बालासोर, भद्रक, केंद्रापड़ा, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, केवझर, मयूरभंज, कालाहांडी, कंधमाल और रायगड़ा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस मॉनसून सीजन में राज्य में अब तक 348.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में फिलहाल राहत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले सात दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश की संभावना कम है। लखनऊ समेत कई क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ मौसम साफ रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से 12 जुलाई तक प्रदेश में 158.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 190.9 मिलीमीटर होती है। इस तरह प्रदेश में अब तक मॉनसून सामान्य से 17 प्रतिशत कम रहा है।
हिमाचल प्रदेश में जारी है बारिश का दौर
हिमाचल प्रदेश में भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश लगातार हो रही है। पिछले 24 घंटों में मंडी जिले के जोगिंदरनगर में सबसे अधिक 60 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मनाली में 45 मिलीमीटर, सराहन में 38.5 मिलीमीटर, रोहड़ू में 25 मिलीमीटर और शिमला में 19 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।



