मध्य प्रदेशराज्य

भोपाल में अग्निवीर सेना भर्ती रैली की तैयारी तेज, मंत्री सारंग ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

भोपाल: राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 28 जुलाई से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाली अग्निवीर सेना भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सेना भर्ती कार्यालय, जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को तय समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

मंत्री सारंग ने कहा कि अग्निवीर भर्ती रैली केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और अभ्यर्थी हितैषी बनाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि राज्य सरकार सेना भर्ती कार्यालय और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी।

भर्ती रैली को लेकर सभी विभागों को दिए अहम निर्देश

मंत्री ने कहा कि भर्ती रैली में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भोपाल पहुंचेंगे। ऐसे में यातायात, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को समय रहते संयुक्त निरीक्षण और पूर्वाभ्यास करने के निर्देश भी दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

बैठक में सेना भर्ती कार्यालय की ओर से विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग को अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 400 मीटर एथलेटिक्स ट्रैक, परीक्षण क्षेत्र, खेल मैदान और अन्य खेल अधोसंरचना पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सेना और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा गया।

सुरक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर

पुलिस विभाग को भर्ती रैली के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम, चिकित्सकों, एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार की पूरी व्यवस्था करने को कहा गया।

नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को आयोजन स्थल पर बैरिकेडिंग, स्वच्छता, मोबाइल शौचालय, कचरा प्रबंधन और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पर्याप्त पेयजल, टेंट, शेड, बैठने की व्यवस्था, मौसम के अनुरूप पंखे, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

अभ्यर्थियों और सेना अधिकारियों के लिए होंगी विशेष व्यवस्थाएं

बैठक में सेना के अधिकारियों और जवानों के आवास, परिवहन और पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने उनके ठहरने और आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों के रात्रि विश्राम और परिवहन की समुचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आयोजन स्थल पर अस्थायी विद्युत कनेक्शन, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर बैकअप, इंटरनेट सुविधा, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सहायता व्यवस्था, दस्तावेज सत्यापन के लिए कंप्यूटर और ऑपरेटर उपलब्ध कराए जाएंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए न्यूनतम दरों पर भोजन और नाश्ते के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

28 जुलाई से 8 अगस्त तक चलेगी भर्ती रैली

मंत्री सारंग ने निर्देश दिए कि भर्ती रैली शुरू होने से पहले सेना भर्ती कार्यालय, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग संयुक्त बैठक और स्थल निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का अंतिम परीक्षण कर लें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सफल आयोजन कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना भी है।

सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल की ओर से आयोजित यह अग्निवीर भर्ती रैली 28 जुलाई से 8 अगस्त तक नाथू बरखेड़ा अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी। इसमें मध्यप्रदेश के 15 जिले—भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, अशोकनगर, गुना, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, दमोह और पन्ना के अभ्यर्थी अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों में भाग लेंगे। इसके अलावा मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए धर्म गुरु और एजुकेशन हवलदार श्रेणी की भर्ती भी आयोजित की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि भारतीय सेना में भर्ती का सपना देखने वाले युवाओं के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है और राज्य सरकार भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button