
राम मंदिर ट्रस्ट की आज अहम बैठक, नए महासचिव से लेकर प्रशासनिक बदलाव तक कई बड़े फैसलों पर रहेगी नजर
अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आज होने वाली अहम बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं। इस बैठक में ट्रस्ट के संगठनात्मक ढांचे और राम मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। सबसे बड़ी चर्चा नए महासचिव के चयन को लेकर है। इसके साथ ही लंबे समय से खाली पड़े दो अन्य अहम पदों पर भी नियुक्ति किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के नए महासचिव के रूप में विश्व हिंदू परिषद से जुड़े व्यक्ति का चयन लगभग तय माना जा रहा है। बैठक में संगठन को अधिक प्रभावी और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
चढ़ावा चोरी के बाद व्यवस्था मजबूत करने पर फोकस
हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी के मामले और उसके बाद हुई जांच के मद्देनजर ट्रस्ट अब अपनी कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। बैठक में नए प्रशासनिक सिस्टम, जवाबदेही बढ़ाने, वित्तीय निगरानी को मजबूत करने और धन प्रबंधन की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर मंथन किया जाएगा।
दो चरणों में होगी बैठक, खाली पदों पर होगा फैसला
पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे के बाद खाली हुए पदों पर नए नामों का चयन बैठक का प्रमुख एजेंडा रहेगा। बैठक दो चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण की शुरुआत दोपहर तीन बजे होगी, जिसमें रिक्त पदों पर नियुक्तियों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद शाम चार बजे दूसरे सत्र में अन्य प्रशासनिक और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी।
नए महासचिव की नियुक्ति को विशेष महत्व दिया जा रहा है, क्योंकि हालिया घटनाक्रम के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली में कई अहम बदलाव प्रस्तावित हैं। इसके अलावा खाली पड़े दो अन्य पदों पर भी नियुक्ति होने की उम्मीद है।
इन नामों पर भी बन सकती है सहमति
सूत्रों के अनुसार, बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के बाद रिक्त हुए पद पर उनके पुत्र, राज परिवार के सदस्य और साहित्यकार यतींद्र मिश्र का चयन किया जा सकता है। इसके अलावा ट्रस्ट में अयोध्या के किसी एक संत को भी सदस्य के रूप में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक में मंदिर के चढ़ावे की गिनती, लेखा प्रणाली, बैंकिंग व्यवस्था, निगरानी तंत्र और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों से जुड़े नए प्रावधानों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सुरक्षा व्यवस्था और एसआईटी जांच पर भी होगी समीक्षा
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने बताया कि बैठक दोपहर तीन बजे मणिराम दास की छावनी में आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि बैठक में जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह सभी सदस्यों को स्वीकार होगा।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान राम मंदिर में नोटों की गिनती की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और एसआईटी जांच की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। साथ ही मंदिर में रामानंदीय परंपरा के अनुरूप संचालित पूजा व्यवस्था और ट्रस्ट की ओर से की जा रही नियमित मॉनिटरिंग पर भी चर्चा होगी।
अयोध्या पहुंचने लगे ट्रस्ट के सदस्य
बैठक में भाग लेने के लिए ट्रस्ट के सदस्यों और संबंधित पदाधिकारियों का अयोध्या पहुंचना शुरू हो गया है। मंगलवार देर शाम युगपुरुष परमानंद और जगद्गुरु वासुदेवानंद सरस्वती अयोध्या पहुंच चुके हैं। वहीं ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि के बुधवार सुबह 11 बजे तक अयोध्या पहुंचने की संभावना है।
वरिष्ठ अधिवक्ता के. परासरण बैठक में ऑनलाइन माध्यम से शामिल होंगे। दूसरी ओर विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों का भी अयोध्या पहुंचना जारी है। विहिप के महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी और वरिष्ठ संरक्षक दिनेश चंद्र भी अयोध्या पहुंच चुके हैं।



