
वरिष्ठ पत्रकार सुनीता एरन को ज्ञानेन्द्र शर्मा स्मृति सम्मान
लखनऊ: वरिष्ठ पत्रकार तथा उत्तर भारत के अंग्रेजी समाचारपत्र की पहली सम्पादक सुनीता एरन को प्रतिष्ठित ज्ञानेंद्र शर्मा सम्मान से नवाजा गया। स्वर्गीय शर्मा की स्मृति में यह सम्मान दूसरी बार दिया गया। ज्ञानेंद्र शर्मा के जन्मदिवस पर यूपी प्रेस क्लब में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, साहित्यकार तथा शिक्षक शामिल थे।
पाँच दशकों से अधिक समय तक हिंदी पत्रकारिता को समृद्ध करने वाले प्रसिद्ध पत्रकार स्व. ज्ञानेन्द्र शर्मा (1944–2024) की स्मृति में वरिष्ठ पत्रकारों को यह सम्मान दिया जाता है। इस वर्ष सम्मानित पत्रकार: श्रीमती सुनीता ऐरन वरिष्ठ पत्रकार हैं तथा प्रदेश की पहली महिला समाचार-पत्र संपादक के रूप में जानी जाती हैं।
यह कार्यक्रम स्व. ज्ञानेन्द्र शर्मा के पत्रकारिता में अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन पत्रकारों को सम्मानित करने का प्रयास है जिन्होंने सत्यनिष्ठा, साहस और जनसेवा की भावना के साथ पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है।
सुनीता एरन को यह सम्मान वरिष्ठ पत्रकार तथा साहित्यकार नवीन जोशी ने भेंट किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह, शरत प्रधान, नवल कान्त सिन्हा, प्रदीप कपूर, हेमन्त तिवारी, नवीन जोशी, प्रेम कान्त तिवारी, राज्य सूचना आयुक्त पी एन द्विवेदी, डॉ रमेश दीक्षित, सुनीता एरन तथा डॉ वीके मिश्र ने ज्ञानेंद्र शर्मा के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।



