मध्य प्रदेशराज्य

धर्मेंद्र प्रधान पर विवादित रील पोस्ट करना पड़ा भारी, निवाड़ी के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर पर दर्ज हुआ केस

निवाड़ी: केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने के बाद भी सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ पोस्ट की गई विवादित सामग्री को लेकर कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश पुलिस ने निवाड़ी जिले के एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उसने धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए एक रील सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाजपा नेता की शिकायत पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान निवाड़ी जिले के कुडार गांव निवासी यशपाल सोनी के रूप में हुई है, जो सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर बताया जा रहा है। निवाड़ी के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी के. के. पांडेय ने बताया कि 23 जुलाई को भाजपा के निवाड़ी मंडल अध्यक्ष कमलेश चौरसिया ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि यशपाल सोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें धर्मेंद्र प्रधान और दिल्ली पुलिस के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और उससे जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वायरल वीडियो के स्रोत की भी जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने यह वीडियो कुछ दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया था। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध करते हुए कार्रवाई की मांग की। अब पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो का मूल स्रोत क्या था और उसे किस उद्देश्य से सोशल मीडिया पर साझा किया गया।

परिवार पर भी पड़ा विवाद का असर

इस पूरे विवाद का असर धर्मेंद्र प्रधान के परिवार पर भी पड़ा। सोशल मीडिया पर बढ़ती अभद्र टिप्पणियों और विवादित सामग्री से आहत होकर उनकी बेटी ने सार्वजनिक रूप से अपनी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां परिवार के लिए बेहद कष्टदायक हैं। इसके बाद उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और उसकी जिम्मेदारी को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button