सिर्फ 3 साल 10 महीने की उम्र में कमाल, बिलासपुर की नितिक्षा ठाकुर ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में बनाया रिकॉर्ड

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की नन्हीं प्रतिभा नितिक्षा ठाकुर ने महज 3 वर्ष 10 माह की आयु में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। महिषासुर मर्दिनी स्तोत्रम् का शुद्ध और प्रभावशाली पाठ कर नितिक्षा ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है।
कम उम्र में रचा नया कीर्तिमान
ग्राम देहरा, डाकघर हटवार, तहसील घुमारवीं निवासी नितिक्षा ठाकुर, नितिन कुमार और दीक्षा कुमारी की पुत्री हैं। बेहद कम उम्र में धार्मिक स्तोत्र का सटीक एवं प्रभावशाली पाठ कर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की और अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया।
पूरे परिवार और क्षेत्र का बढ़ाया मान
नितिक्षा की इस उपलब्धि से उनके माता-पिता के साथ-साथ दादा मुख्त्यार सिंह, दादी नीलम देवी और पड़दादा स्वतंत्र सेनानी स्वर्गीय खजाना राम का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। इस सफलता से पूरे ग्राम देहरा, घुमारवीं तहसील और बिलासपुर जिले में खुशी का माहौल है।
बचपन से ही रही धार्मिक श्लोकों में रुचि
परिजनों के अनुसार, नितिक्षा को बचपन से ही धार्मिक श्लोकों में विशेष रुचि रही है। परिवार के मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास के बल पर उन्होंने इतनी कम उम्र में यह उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम की है।
चारों ओर से मिल रहीं शुभकामनाएं
इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होने के बाद क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने नितिक्षा ठाकुर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



