उत्तराखंड

‘बिना खर्ची-पर्ची 34 हजार युवाओं को मिली नौकरी’, मेधावियों के सम्मान समारोह में बोले सीएम धामी; शिक्षा सुधारों का भी किया जिक्र

रुड़की: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य में पिछले तीन वर्षों के दौरान 34 हजार से अधिक भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ की गई हैं। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं और वे विभिन्न विभागों में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह बात रुड़की में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह के दौरान कही।

मेधावी छात्रों का किया सम्मान

रुड़की के आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उनके अनुसार, राज्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति को सबसे पहले लागू करने वाले राज्यों में शामिल है। कक्षा एक से 12 तक विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा पाठ्यचर्चा कार्यक्रम और बस्ता रहित दिवस जैसी पहल भी शुरू की गई हैं।

20 मॉडल स्कूल और नकल माफिया पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में 20 मॉडल स्कूल विकसित किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने का प्रयास किया है।

युवाओं से मेहनत करने का किया आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा और कौशल के माध्यम से स्वयं को सक्षम बनाने तथा देश और राज्य की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

विद्या भारती ने संस्कार आधारित शिक्षा पर दिया जोर

कार्यक्रम में विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डॉ. डोमेश्वर साहू ने कहा कि आदर्श शिक्षक और आदर्श छात्र के बीच सम्मान, संस्कार और सहयोग का संबंध होना चाहिए। वहीं डॉ. रजनीकांत शुक्ल ने विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल सिंह ने कहा कि प्रतिभाशाली छात्र भविष्य में देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में कई गणमान्य रहे मौजूद

समारोह में आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत, विद्यालय की अध्यक्ष कौशल्या आर्या, संभाग निरीक्षक नत्थीलाल बंगवाल, सुरेशानंद जोशी, इंद्रपाल परमार, मनोज रयाल, उपाध्यक्ष रामेश्वर कुलश्रेष्ठ, प्रबंधक डॉ. रजत अग्रवाल, प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह सहित कई शिक्षाविद और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रुड़की पहुंचने पर हुआ स्वागत

मुख्यमंत्री के रुड़की आगमन पर भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर महापौर अनीता देवी अग्रवाल, जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, सागर गोयल और दिनेश पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button