गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का संदेश: भारतीय संस्कृति में गुरु सर्वोच्च, सांदीपनि विद्यालयों के विस्तार का किया ऐलान

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है और गुरु ही समाज में ज्ञान, संस्कार तथा चरित्र निर्माण की आधारशिला रखते हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उज्जैन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंदसौर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने गुरु परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डाला और प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में चल रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की गौरवशाली गुरु परंपरा ने समाज को शिक्षा के साथ प्रेम, भक्ति, दया, करुणा और अनुशासन जैसे जीवन मूल्यों से समृद्ध किया है। उन्होंने आदि शंकराचार्य और वेदव्यास जैसे महान गुरुओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु की गद्दी से ही श्रेष्ठ चरित्र और सशक्त समाज का निर्माण होता है।
सांदीपनि विद्यालयों के विस्तार पर जोर
डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन स्थित सांदीपनि आश्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में संचालित सांदीपनि विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भी इन संस्थानों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 25 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान के साथ विभिन्न स्थानों पर नए सांदीपनि विद्यालय शुरू किए जा रहे हैं, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार होगा।
गौ संरक्षण के संकल्प की सराहना
मुख्यमंत्री ने मंदसौर कार्यक्रम में मौजूद गुरुदेव पंडित भीमाशंकर शास्त्री के गौ संरक्षण अभियान की सराहना करते हुए उनके संकल्प की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समाजहित और संस्कृति संरक्षण के ऐसे प्रयास प्रेरणादायक हैं।
श्रावण मास में मंदसौर आने की कही बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अवसर मिलते ही आगामी दिनों में मंदसौर आने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि श्रावण मास के दौरान भगवान की सवारी धूमधाम से निकाली जाएगी, जिसमें पुलिस बैंड की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
गुरु पूर्णिमा की दी शुभकामनाएं
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं और गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
मंदसौर कृषि मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में गुरुदेव पंडित भीमाशंकर शास्त्री, विधायक विपिन जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया, पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, महेंद्र गुर्जर, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भक्त और शिष्य उपस्थित रहे।



