उत्तर प्रदेशराज्य

श्रावण मास के पहले दिन बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे सीएम योगी, काल भैरव मंदिर में भी की पूजा, अधिकारियों को दिए खास निर्देश

वाराणसी: श्रावण मास के प्रथम दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी कोतवाल बाबा काल भैरव मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि तथा लोककल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने सावन मास में श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की और अधिकारियों को सुरक्षा एवं सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचकर वैदिक रीति से पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद वह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश कर षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन किया और देशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की।

श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे सावन माह में सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन की व्यवस्था प्रभावी एवं निर्बाध बनी रहनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से हुआ स्वागत

मुख्यमंत्री के श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने पर वहां मौजूद श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया।

गुरु पूर्णिमा पर भी किए थे दर्शन

इससे एक दिन पहले बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया था। इस दौरान विधायक नीलकंठ तिवारी और अवधेश सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button