राजनीतिराष्ट्रीय

NDA संसदीय दल की बैठक में पहली बार शामिल हुए NCPI सांसद, सायोनी घोष ने PM मोदी के साथ शेयर की तस्वीर

नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया यानी NCPI में शामिल हुए सांसदों के एक समूह ने पहली बार मंगलवार को NDA संसदीय दल की बैठक में हिस्सा लिया। संसद भवन परिसर में हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहे। NCPI सांसद सायोनी घोष ने बैठक से जुड़ा वीडियो एक्स पर साझा किया। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस के 20 लोकसभा सदस्य अपनी पार्टी से बगावत के बाद NCPI में शामिल हुए थे।

इन सांसदों के लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों से अलग बैठने की जानकारी है, हालांकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से NCPI को मान्यता देने को लेकर अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ है। NCPI में शामिल होने के बाद इन सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले NDA के प्रति अपनी निष्ठा जताई है। समूह के प्रमुख नेताओं में शामिल सुदीप बंद्योपाध्याय हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी कर चुके हैं।

सायोनी घोष ने बैठक को बताया ज्ञानवर्धक

NCPI सांसद सायोनी घोष ने कहा कि उन्होंने NDA की बैठक में हिस्सा लिया। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई बैठक काफी ज्ञानवर्धक रही। बैठक के दौरान मुक्त व्यापार समझौतों यानी FTA पर चर्चा हुई और इसे सकारात्मक बताया गया।

सायोनी घोष ने लोकसभा में चर्चा के लिए पेश किए जाने वाले ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक 2026’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र लीक पर रोक लगाने से जुड़े इस विधेयक का सभी को समर्थन करना चाहिए।

20 सांसदों को पहली बार मिला न्योता

NCPI सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने बताया कि यह पहला मौका था जब पार्टी के 20 सांसदों को NDA की ‘मंगल मिलन’ बैठक में आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि बैठक में देश की प्रगति, मुक्त व्यापार समझौतों और किसानों से जुड़े विषयों के बारे में जानकारी दी गई।

काकोली घोष दस्तीदार के मुताबिक, बैठक में साझा किए गए आंकड़ों के आधार पर सांसद इन मुद्दों को जनता के सामने बेहतर तरीके से रख सकेंगे।

शताब्दी रॉय ने बताया बैठक का अनुभव

अभिनेत्री से नेता बनीं शताब्दी रॉय ने भी बैठक को सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की चीजें उन्होंने पहले नहीं देखी थीं और पूरी बैठक व्यवस्थित तरीके से हुई।

शताब्दी रॉय के मुताबिक, बैठक में सांसदों को आने वाले विधेयकों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक में कुछ नहीं कहा।

बैठक में ये बड़े नेता रहे मौजूद

NDA संसदीय दल की बैठक में वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल और किरेन रिजिजू समेत NDA के सहयोगी दलों के सांसद शामिल हुए।

केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने बताया कि बैठक मुख्य रूप से दो विषयों पर केंद्रित रही। इनमें व्यापार और मत्स्य पालन शामिल थे।

यह बैठक नीट प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा में अन्य गड़बड़ियों को लेकर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के कुछ दिनों बाद हुई। इन घटनाक्रमों के बीच धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

Related Articles

Back to top button