अन्तर्राष्ट्रीय

जापान में तूफान ‘डॉल्फिन’ का कहर, 500 से ज्यादा उड़ानें रद्द; 2.6 लाख लोगों को सुरक्षित जगह जाने का आदेश

टोक्यो: पूर्वी एशिया में एक बार फिर प्राकृतिक आपदा ने दस्तक दी है। पिछले सप्ताह आए भीषण भूकंप से पूरी तरह उबर भी न पाए जापान पर अब ‘डॉल्फिन’ तूफान का खतरा मंडरा रहा है। शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को शक्तिशाली तूफान दक्षिण-पश्चिम जापान के ओकिनावा क्षेत्र से टकराया। तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। हालात को देखते हुए प्रभावित इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

जापान के मौसम विभाग के मुताबिक, ओकिनावा में तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार 140 से 198 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है। भारी बारिश के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं, जिससे कई इलाकों में खतरा बढ़ गया है।

2.6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश

खतरे को देखते हुए जापान मौसम विज्ञान विभाग ने ओकिनावा और कागोशिमा प्रांत के करीब 2.6 लाख लोगों को घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश दिया है। ओकिनावा के अलग-अलग निकासी केंद्रों में सैकड़ों लोग पहुंच चुके हैं। तूफान की चपेट में आने से 70 वर्ष की उम्र वाले तीन बुजुर्गों के मामूली रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।

500 से ज्यादा उड़ानें रद्द, नाहा एयरपोर्ट बंद

तूफान का असर जापान की हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। ओकिनावा का प्रमुख नाहा एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है, जिसके कारण घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। तूफान के चलते देशभर में 500 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। सुरक्षा के मद्देनजर वाहन निर्माता कंपनी टोयोटा ने भी अपने 9 कारखानों में काम अस्थायी रूप से रोक दिया है।

198 किमी प्रति घंटे तक पहुंची हवाओं की रफ्तार, बाढ़ का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार, तूफान डॉल्फिन के केंद्र में हवाओं की रफ्तार करीब 144 किलोमीटर प्रति घंटा है, जबकि तेज झोंके 198 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रहे हैं। ओकिनावा, अमामी और दक्षिणी क्यूशू में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अगले दो दिनों में कई इलाकों में 100 से 250 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है, जबकि कुछ स्थानों पर यह आंकड़ा 350 मिलीमीटर से भी ज्यादा हो सकता है। लगातार भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

चीन की ओर बढ़ेगा तूफान

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी चीन सागर में पहुंचने के बाद तूफान के और मजबूत होने की आशंका है। इस दौरान हवाओं की गति 170 किलोमीटर प्रति घंटे और तेज झोंकों की रफ्तार 205 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके बाद तूफान कमजोर पड़ते हुए सोमवार सुबह चीन के पूर्वी तट से टकरा सकता है।

भूकंप प्रभावित कुमामोटो में बढ़ी मुश्किल

तूफान का खतरा उन लोगों के लिए नई परेशानी लेकर आया है जो पिछले सप्ताह आए 7.1 तीव्रता के भूकंप से प्रभावित हुए थे। कुमामोटो प्रांत में भूकंप से कई मकान क्षतिग्रस्त हुए थे और करीब 6,700 लोग अब भी राहत शिविरों में रह रहे हैं। अब भारी बारिश और तूफान के खतरे के बीच लोग अपने घरों की छतों और दीवारों को पानी से बचाने के लिए नीली तिरपाल लगा रहे हैं।

मकाऊ तक पहुंचा तूफान का असर

तूफान का प्रभाव मकाऊ में भी महसूस किया गया है। मकाऊ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा कारणों से शुक्रवार रात 9 बजे तक कम से कम 12 उड़ानें रद्द की गईं। प्रशासन ने लोगों से बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने, तटीय इलाकों से दूरी बनाए रखने और मौसम से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button