
मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में बीते सप्ताह उतार-चढ़ाव के बीच कारोबार हुआ, लेकिन सप्ताह के अंत में दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। इसका असर देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की बाजार हैसियत पर भी पड़ा। टॉप-10 कंपनियों में शामिल चार कंपनियों के मार्केट कैप में कुल करीब 1.43 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इनमें सरकारी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक SBI को सबसे ज्यादा फायदा मिला।
पिछले सप्ताह BSE का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 404.53 अंक यानी 0.51 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। वहीं, NSE का निफ्टी 187.05 अंक यानी 0.76 फीसदी की बढ़त दर्ज करते हुए सप्ताह के अंत में बंद हुआ।
नए ऑक्शन फ्रेमवर्क और वैश्विक अनिश्चितता का असर
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के रिसर्च एसवीपी अजीत मिश्रा के अनुसार, F&O शेयरों के लिए शुरू किए गए नए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (CAS) फ्रेमवर्क, भारतीय रिजर्व बैंक के मौद्रिक नीति संबंधी फैसलों और दुनियाभर में बनी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के चलते निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। इसके कारण पूरे सप्ताह शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
SBI की मार्केट वैल्यू में सबसे बड़ी बढ़ोतरी
टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, SBI, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) की बाजार हैसियत में बढ़ोतरी हुई। इनमें SBI सबसे बड़े गेनर के रूप में सामने आया।
SBI का मार्केट कैप 63,922.03 करोड़ रुपये बढ़कर 10,11,721.84 करोड़ रुपये हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत में 32,816.4 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 18,01,925.19 करोड़ रुपये पहुंच गई।
TCS का मार्केट कैप 31,875.35 करोड़ रुपये बढ़कर 8,87,770.13 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, L&T की बाजार वैल्यू 14,637.76 करोड़ रुपये बढ़कर 5,56,482.45 करोड़ रुपये हो गई।
इन 6 कंपनियों के मार्केट कैप में आई गिरावट
दूसरी ओर, टॉप-10 कंपनियों में छह कंपनियों को बाजार मूल्य के मोर्चे पर नुकसान हुआ। भारती एयरटेल, HDFC बैंक, ICICI बैंक, बजाज फाइनेंस, LIC और हिंदुस्तान यूनिलीवर के कुल मार्केट कैप में करीब 1.23 लाख करोड़ रुपये की कमी आई।
LIC को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कंपनी की बाजार हैसियत 40,543.23 करोड़ रुपये घटकर 4,96,891.82 करोड़ रुपये रह गई। बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 37,168.96 करोड़ रुपये कम होकर 6,73,648.55 करोड़ रुपये हो गया।
HDFC बैंक की बाजार वैल्यू में 24,183.16 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह 11,27,967.47 करोड़ रुपये रह गई। ICICI बैंक का मार्केट कैप 9,507.67 करोड़ रुपये घटकर 10,20,370.63 करोड़ रुपये हो गया।
भारती एयरटेल की वैल्यू 7,581.65 करोड़ रुपये घटकर 12,22,423.98 करोड़ रुपये रह गई। वहीं, हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 4,793.16 करोड़ रुपये कम होकर 4,88,808.97 करोड़ रुपये पर आ गया।
मार्केट कैप में रिलायंस इंडस्ट्रीज अब भी नंबर-1
बाजार मूल्य के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद भारती एयरटेल, HDFC बैंक, ICICI बैंक, SBI, TCS, बजाज फाइनेंस, L&T, LIC और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान है।



