उत्तर प्रदेशराज्यवाराणसी

संचार कौशल, साक्षात्कार तकनीक, टीमवर्क तथा व्यक्तित्व विकास पर दी जानकारी

RSMT में छह दिवसीय रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

वाराणसी : राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (RSMT), वाराणसी में नंदी फाउंडेशन (Naandi Foundation ) के सहयोग से आयोजित छह दिवसीय रोज़गार योग्यता एवं सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए विशेष रूप से आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें रोजगारोन्मुख कौशल एवं कॉर्पोरेट जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना था। भारत सरकार की “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” पहल की भावना को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए इस कार्यक्रम में छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।

प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने रोजगार के अवसर, प्रभावी संचार कौशल, साक्षात्कार तकनीक, समूह चर्चा, टीमवर्क, व्यक्तित्व विकास तथा कार्यस्थल पर अपेक्षित व्यवहारिक कौशल जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञ प्रशिक्षक से प्राप्त किया। प्रशिक्षण का संचालन प्रख्यात कॉर्पोरेट प्रशिक्षक अरुनीश रावत ने किया। उन्होंने थिएटर-आधारित शिक्षण, रचनात्मक गतिविधियों, रोल प्ले, समूह अभ्यास एवं मॉक इंटरव्यू जैसी आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों के माध्यम से छात्राओं को व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया। उनकी संवादात्मक एवं सहभागितापूर्ण प्रशिक्षणशैली ने सभी प्रतिभागियों को छह दिनों तक सक्रिय एवं उत्साहित बनाए रखा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्थान ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं से भी परिचित कराते हैं। भविष्य में भी संस्थान ऐसे रोजगारपरक एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर करियर अवसर प्राप्त हो सकें। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ सी. पी. सिंह, डॉ प्रीति सिंह तथा उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्थान के निदेशक प्रभारी प्रो. (डॉ) अमन गुप्ता ने Naandi Foundation, प्रशिक्षक अरुनीश रावत एवं कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी संकाय सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

Related Articles

Back to top button