
चांदी की पालकी पर सवार 17 को नगर भ्रमण पर निकलेंगे कोतवालेश्वर महादेव
लखनऊ : चौक स्थित श्री कोतवालेश्वर महादेव सावन के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को शाम 4 बजे चांदी की पालकी में बैठकर भक्तों का हाल जानने नगर की भ्रमण यात्रा करेंगे। सोमवार को मंदिर में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी देते हुए श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर के महंत विशाल गौड़ ने बताया कि इस वर्ष भी कोतवालेश्वर महादेव यात्रा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मंदिर से निकलते ही कोतवालेश्वर महादेव को लखनऊ प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया जाएगा। यात्रा कोतवालेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर चौक चौराहा, खुन-खुन जी रोड कोनेश्वर मंदिर में हरि-हर का दिव्य एव अद्भुत मिलन होगा। यात्रा के दौरान नगर पालिका प्रशासन द्वारा रास्तेभर चांदी के झाड़ू से साफ-सफाई किया जाएगा।
तत्पश्चात यात्रा कोणेश्वर चौराहा घूमकर, चौक चौराहा, कंचन मार्केट, चरक चौराहा, कमला नेहरू मार्ग होते हुए, कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में संपन्न होगी,वह विशेष पूजन किया जाएगा। श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर आकर प्रसाद आरती और वितरण से सम्पन्न होगी। यात्रा में यमराज, भूत-प्रेत, गंधर्व, रंगोलिया, लखनऊ-बनारस की झांकियां, रथ, ब्रास बैंड, प्रशासनिक बैंड होंगे। सभी महिलाएं और पुरुष पीले वस्त्र धारण करेंगे। इस अवसर पर शासन प्रशासन के समस्त अधिकारी, उपमुख्यमंत्री मंत्री, विधायक, भक्त और भारी संख्या मे नगरवासी उपस्थित रहेंगे।



