मध्य प्रदेशराज्य

चित्रकूट में सड़कों की बदहाली पर भड़के विधायक, PWD अधिकारियों को लगाई फटकार; SDO को पद से हटाया

सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की खराब हालत और निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। मंगलवार को विधायक PWD कार्यालय पहुंचे और मुख्य अभियंता पंकज खड़ारे के सामने विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्र में सड़कों की स्थिति को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

विधायक गहरवार ने मुख्य अभियंता के सामने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के लिए करीब 1100 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है। इसके बावजूद कई सड़कें निर्माण के कुछ समय बाद ही उखड़ने लगीं और उनकी हालत खराब हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ सड़कों का निर्माण कागजों में पूरा दिखा दिया जाता है, जबकि मौके पर काम दिखाई नहीं देता।

सड़क निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी पर उठाए सवाल
विधायक ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने निर्माण कार्यों की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आपत्ति जताई। विधायक ने अधिकारियों के सामने क्षेत्र की सड़कों से जुड़ी लगातार मिल रही शिकायतों का मुद्दा उठाया और जल्द कार्रवाई की मांग की।

विरोध के बाद प्रभारी SDO को हटाया गया
विधायक ने PWD के मझगवां में प्रभारी SDO अश्वनी निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी और कर्मचारी विकास कार्यों पर ध्यान देने के बजाय दूसरे मामलों में अधिक रुचि ले रहे हैं। विधायक की नाराजगी और विरोध के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। मुख्य अभियंता पंकज खड़ारे के निर्देश पर प्रभारी SDO अश्वनी निगम को पद से हटा दिया गया। उनके स्थान पर दूसरे सहायक अभियंता को मझगवां का प्रभार सौंपा गया है।

मुख्य अभियंता ने समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
मुख्य अभियंता पंकज खड़ारे ने विधायक को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं और शिकायतों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित मामलों का परीक्षण कराने और जल्द समाधान की दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिया।

अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर विधायक ने जताई नाराजगी
विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार ने PWD अधिकारियों की कार्यशैली पर तीखा असंतोष जाहिर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के कुछ अधिकारी इतने लापरवाह हो गए हैं कि उन्हें आम जनता की समस्याओं की चिंता नहीं है। विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में काम कराने के लिए उन्हें लगातार अधिकारियों के पीछे भागना पड़ रहा है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सड़क निर्माण की स्थिति ऐसी हो गई है कि लगता है काम तभी होगा, जब विधायक का पांच साल का कार्यकाल पूरा हो जाए या उनकी मृत्यु हो जाए। विधायक के इस बयान के बाद विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल और तेज हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button