राष्ट्रीय

नींद की गोली लेता था एयर इंडिया का पायलट, उड़ान से पहले पार्टी; हवा में 300 फीट नीचे गई थी फ्लाइट

नई दिल्ली: थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के एयरबस ए320 विमान के 4 अगस्त को अचानक हवा में 300 फीट नीचे जाने की घटना की जांच में पायलट को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। एयर इंडिया की आंतरिक फ्लाइट सेफ्टी रिपोर्ट के मुताबिक, पायलट ने जांच के दौरान बताया कि उसे लंबे समय से नींद न आने की समस्या है और वह पारिवारिक डॉक्टर की सलाह पर नींद की गोली लेता है। इससे पहले जांच में यह भी सामने आया था कि घटना के समय पायलट के गांजा सेवन की बात सामने आई थी।

पायलट ने बताई नींद पूरी न होने की वजह

जांच के दौरान पायलट ने बताया कि पहली उड़ान के लिए उसे रात 12 बजकर 10 मिनट पर एयरपोर्ट पर रिपोर्ट करना होता है। इसके लिए करीब रात 10 बजे से तैयारी शुरू करनी पड़ती है, जिसके चलते पूरी नींद लेना मुश्किल होता है।

पायलट के मुताबिक, फुकेट में विमान उतरने के बाद होटल पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे का समय लग जाता है। उसके अनुसार, इस वजह से भी उसकी नींद प्रभावित होती है। उसने जांच में बताया कि लंबे समय से नींद की समस्या के कारण वह अपने पारिवारिक डॉक्टर की सलाह पर नींद की दवा ले रहा था।

घटना के वक्त कॉकपिट सीट पर नहीं था पायलट

रिपोर्ट के मुताबिक, जब विमान हवा में अचानक नीचे गया, उस समय पायलट अपनी सीट पर नहीं था और को-पायलट विमान का संचालन कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, पायलट उस दौरान यात्रियों की स्थिति देखने के लिए केबिन में गया था। उसने यात्रियों से घटना के दौरान वीडियो नहीं बनाने के लिए भी कहा था।

सूत्रों का यह भी दावा है कि दिल्ली में विमान के उतरने के बाद पायलट अपने पैरों पर ठीक से खड़ा नहीं हो पा रहा था। उसे बैठाने के लिए एक अधिकारी को मदद करनी पड़ी।

वॉशरूम जाते समय अटेंडेंट को अपनी सीट पर बैठाया

जांच से जुड़ी जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान जब पायलट वॉशरूम गया था, तब उसने एक अटेंडेंट को अपनी सीट पर बैठाया था। सूत्रों के मुताबिक, उस अटेंडेंट को विमान संचालन की पर्याप्त जानकारी नहीं थी और इसी बात को लेकर पायलट ने उसे डांट भी लगाई।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि फुकेट पहुंचने के बाद पायलट सभी क्रू सदस्यों को पार्टी में लेकर गया था। इसके बाद विमान ने फुकेट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी।

हवा में अचानक 300 फीट नीचे चला गया था विमान

एयर इंडिया का एयरबस ए320 विमान 4 अगस्त को थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। दिल्ली पहुंचने से पहले विमान अचानक हवा में 300 फीट नीचे चला गया। हालांकि, इसके बाद विमान को स्थिर कर लिया गया और दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

विमान में 137 यात्री सवार थे। चालक दल में दो पायलट और छह केबिन क्रू सदस्य शामिल थे। घटना के दौरान 20 यात्री और चालक दल के चार सदस्य घायल हुए थे।

एएआईबी की जांच अभी जारी

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो ने मंगलवार को बताया कि एयर इंडिया के विमान के हवा में अचानक 300 फीट नीचे जाने की घटना की जांच जारी है। एजेंसी के अनुसार, जांच रिपोर्ट निर्धारित समयसीमा के भीतर सार्वजनिक की जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन के प्रोटोकॉल के तहत विमान निर्माता कंपनी एयरबस और फ्रांस का नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो भी जांच में शामिल है। दोनों पक्ष जांच में आवश्यक तकनीकी सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button