बिहारराज्य

छात्रों पर AK-47 से फायरिंग के खिलाफ तेजस्वी का बड़ा ऐलान, 19 अगस्त को लोकभवन तक मार्च करेगी RJD

पटना: बिहार के सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान एके-47 से फायरिंग के आरोपों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 19 अगस्त को पार्टी मुख्यालय से लोकभवन तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इस मार्च में राजद के सभी सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और कार्यकर्ता शामिल होंगे। तेजस्वी ने कहा कि बिहार को पुलिसिया स्टेट नहीं बनने दिया जाएगा।

विपक्षी दलों को भी मार्च में शामिल होने का न्योता

तेजस्वी यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रेसवार्ता के दौरान मार्च की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आंदोलन को लेकर विपक्षी दलों से भी बातचीत की जा रही है और उन्हें छात्रों को न्याय दिलाने के लिए मार्च में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।

तेजस्वी ने सवाल उठाया कि छात्र प्रदर्शन के दौरान गोली चलाने का आदेश किसने दिया था, यह पूरा देश जानना चाहता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से आवाज उठाए जाने के बाद एक सिपाही को निलंबित किया गया, लेकिन अब तक सीवान के एसपी के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

संसद में मुद्दा उठाने पर राहुल और अखिलेश का जताया आभार

राजद नेता ने छात्र आंदोलन के मुद्दे को संसद में उठाए जाने को लेकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव का आभार भी जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री ने इस मामले पर अब तक एक शब्द नहीं कहा है।

तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री या किसी उपमुख्यमंत्री ने घायल छात्रों से मुलाकात तक नहीं की। उन्होंने सवाल किया कि अगर इस घटना में किसी मासूम की जान चली जाती तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होती।

प्रेसवार्ता के दौरान सांसद मीसा भारती, अभय कुशवाहा और सुरेंद्र यादव भी मौजूद रहे।

डीजीपी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं तेजस्वी

इससे पहले तेजस्वी यादव अगस्त में बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने 25 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान एके-47 राइफल के कथित इस्तेमाल का मुद्दा उठाया था। तेजस्वी के नेतृत्व में राजद के प्रतिनिधिमंडल ने सीवान के एसपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की थी कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान इस तरह की राइफल के इस्तेमाल का आदेश आखिर किसने दिया था।

एसपी और वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया था कि प्रदर्शनकारियों पर एके-47 के इस्तेमाल का आदेश मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से ही दिया जा सकता था। उन्होंने कहा कि दोनों की ओर से इस मामले पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

राजद नेता ने संबंधित पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई है। अब 19 अगस्त को होने वाला लोकभवन मार्च इस मुद्दे पर राजद के आंदोलन की अगली बड़ी कड़ी होगा।

Related Articles

Back to top button