देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून समेत छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी में अतिवृष्टि के बाद भागीरथी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने नदी के निचले इलाकों और मनेरी बांध प्रबंधन को सतर्क कर दिया है। फिलहाल अतिवृष्टि से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
इन छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में गुरुवार को भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश का तीव्र से अतितीव्र दौर आने की संभावना जताई गई है।
ऊधमसिंहनगर में भी कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने का अनुमान है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तरकाशी में भागीरथी का जलस्तर बढ़ा
उत्तरकाशी की भटवाड़ी तहसील के भुक्की गांव के पास घटू गाड़ क्षेत्र में बुधवार रात अतिवृष्टि के कारण अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। गाड़ में उफान आने के साथ ही भागीरथी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया।
ग्रामीणों के अनुसार रात करीब साढ़े दस बजे घटू गाड़ में पानी का बहाव अचानक काफी तेज हो गया। गाड़ में सैलाब जैसी स्थिति बनने से आसपास के लोग घबरा गए और इसकी सूचना प्रशासन को दी गई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि भुक्की गांव के सामने गदेरे में उफान आने की सूचना मिली है। अभी तक किसी तरह के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
लगातार बारिश हुई तो निचले इलाकों पर बढ़ेगा खतरा
घटू गाड़ आगे जाकर भागीरथी नदी में मिलती है। इसके चलते नदी का जलस्तर बढ़ने पर मनेरी भाली बांध परियोजना के अधिकारियों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क किया गया है।
प्रशासन की नजर लगातार बारिश की स्थिति पर बनी हुई है। यदि बारिश का दौर जारी रहता है और नदी का पानी और बढ़ता है तो निचले इलाकों में खतरा बढ़ सकता है।
देहरादून में बुधवार को तेज धूप, आज फिर बारिश की चेतावनी
लगातार तीन दिन तक सुबह, दोपहर और शाम बारिश होने के बाद बुधवार को देहरादून में मौसम साफ रहा। दिन में तेज धूप निकलने से तापमान में करीब नौ डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा।
हालांकि, मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून में भारी बारिश की संभावना जताई है। इससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में एक बार फिर मौसम बदल सकता है।
संवेदनशील इलाकों में कैमरों से होगी निगरानी
अतिवृष्टि और आपदा की स्थिति में तत्काल सूचना हासिल करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में हाई डेफिनेशन पीटीजेड कैमरे लगाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी के अनुसार, सहस्रधारा क्षेत्र के आपदा की दृष्टि से संवेदनशील कार्लीगाड़ में कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। मालदेवता में कैमरे लगाने का काम जारी है।
इन कैमरों के जरिए जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी, असामान्य गतिविधियों या किसी आपदा की स्थिति की तत्काल जानकारी हासिल की जा सकेगी। प्रशासन का कहना है कि इससे समय रहते चेतावनी जारी करने और राहत-बचाव अभियान शुरू करने में मदद मिलेगी।
पर्यटन स्थलों पर 24 घंटे निगरानी की तैयारी
जिला प्रशासन ने सहस्रधारा, मालदेवता और गुच्चूपानी समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी हाई डेफिनेशन पीटीजेड कैमरे लगाने की योजना बनाई है। सहस्रधारा और गुच्चूपानी में कैमरे लगाने का काम किया जा रहा है और इन इलाकों में चौबीस घंटे वास्तविक समय पर निगरानी की व्यवस्था की जा रही है।
डीएम डॉ. आशीष चौहान के अनुसार, कैमरों का नियंत्रण जिला आपदा परिचालन केंद्र में उपलब्ध रहेगा। इससे पर्यटकों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी असामान्य स्थिति या आपदा की सूचना तत्काल मिल सकेगी और जरूरत पड़ने पर तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी।




