राजनीतिराष्ट्रीय

Gen Z को साधने की भाजपा की बड़ी रणनीति, कौन हैं हेमांग जोशी जिन्हें मिली युवा मोर्चे की कमान?

नई दिल्ली: भाजपा ने वडोदरा के सांसद हेमांग जोशी को भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या की जगह ली है। यह फैसला ऐसे समय में हुआ है, जब जेन जी के बीच युवाओं की राजनीतिक भागीदारी और उनकी पसंद को लेकर चर्चा तेज है। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद भाजपा भी युवा वर्ग के साथ अपना जुड़ाव मजबूत करने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि हेमांग जोशी को यह जिम्मेदारी देकर पार्टी ने युवाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जेन जी से जुड़ने के लिए इंस्टाग्राम पर रील डालना शुरू किया था।

कौन हैं हेमांग जोशी

हेमांग जोशी का जन्म 31 जनवरी 1991 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। वह भाजपा के युवा नेताओं की नई पीढ़ी में शामिल हैं। उनका सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक सफर वडोदरा से गहराई से जुड़ा रहा है।

साल 2008 में फिजियोथेरेपी की पढ़ाई के लिए उनके पिता वडोदरा चले गए थे। इसके बाद हेमांग जोशी ने महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय में दाखिला लिया। वह 2008 से 2021 तक विश्वविद्यालय से जुड़े रहे। जनवरी 2022 में तत्कालीन सिटी प्रेसिडेंट डॉ. विजय शाह के नेतृत्व में उन्होंने नगर प्रशासन के क्षेत्र में कदम रखा। इसी दौरान उन्हें वडोदरा नगर निगम की स्कूल कमिटी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

राजनीति में तेजी से बढ़ा कद

हेमांग जोशी ने भाजपा में कम समय में तेजी से अपनी जगह बनाई। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी नेतृत्व ने उन्हें वडोदरा से उम्मीदवार बनाया। चुनाव में जीत हासिल करने के बाद पार्टी में उनकी भूमिका लगातार बढ़ती गई।

उनकी राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए मई 2025 में उन्हें ऑपरेशन सिंदूर के लिए भेजे गए प्रतिनिधिमंडल में गुजरात के एकमात्र सांसद के तौर पर शामिल किया गया। इसके बाद नवंबर 2025 में भाजपा ने उन्हें गुजरात में विशेष निवेश क्षेत्र का प्रभारी बनाया। दिसंबर 2025 में उन्हें गुजरात भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। गुजरात में युवा मोर्चा की जिम्मेदारी संभालने के दौरान उनके प्रदर्शन के बाद अब उन्हें भाजपा की युवा इकाई के राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

क्यों चुने गए हेमांग जोशी

हेमांग जोशी की नियुक्ति के पीछे कई राजनीतिक और रणनीतिक पहलुओं को अहम माना जा रहा है। सांसद बनने के बाद से उन्होंने लगातार अपनी राजनीतिक सक्रियता और सार्वजनिक छवि को मजबूत किया। उनकी शारीरिक फिटनेस भी चर्चा में रही है। पार्टी की ओर से मिली अलग-अलग जिम्मेदारियों में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई।

गुजरात में युवा मोर्चा के अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने बड़े स्तर पर डिजिटल बैठकों समेत कई कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया। इन गतिविधियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष का ध्यान भी आकर्षित किया। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व एक शिक्षित, सौम्य और विवादों से दूर रहने वाले युवा नेता की तलाश में था और हेमांग जोशी इस प्रोफाइल में उपयुक्त माने गए।

तीन भाषाओं में संवाद और तकनीकी समझ

हेमांग जोशी की एक बड़ी ताकत उनकी संवाद क्षमता भी मानी जाती है। वह गुजराती, हिंदी और अंग्रेजी भाषा में धाराप्रवाह बातचीत कर सकते हैं। इसके जरिए वह अलग-अलग राज्यों के युवाओं के साथ संवाद स्थापित करने में सक्षम माने जाते हैं।

तकनीकी क्षेत्र में भी उनकी रुचि और समझ दिखाई देती है। वडोदरा में उनके द्वारा डिजिटल सांसद कार्यालय की स्थापना को इसी दिशा में उनकी पहल के तौर पर देखा जाता है। युवा मोर्चे की राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने के बाद अब पार्टी के युवा वर्ग के साथ उनके संवाद और डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल पर विशेष नजर रहेगी।

SEO Keywords: हेमांग जोशी, Hemang Joshi, भाजपा युवा मोर्चा, BJP Yuva Morcha, भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष, हेमांग जोशी कौन हैं, भाजपा की नई नियुक्ति, Gen Z BJP, जेन जी, BJP Youth Wing, तेजस्वी सूर्या, Tejasvi Surya, वडोदरा सांसद हेमांग जोशी, BJP News, Latest BJP News, Hemang Joshi BJP

Related Articles

Back to top button