उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

चांदी की पालकी में कोतवालेश्वर महादेव निकले नगर भ्रमण पर

सावन के तीसरे सोमवार पर उज्जैन की तर्ज पर भव्य आयोजन, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

लखनऊ : सावन के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को चौक कोतवाली स्थित श्री कोतवालेश्वर मंदिर से कोतवालेश्वर महादेव चांदी की पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण यात्रा पर निकले। मंदिर से कोतवालेश्वर बाबा को चांदी पालकी में बैठाया गया। उसके पश्चात मंदिर के महंत विशाल गौड़ ने बाबा की आरती की। मंदिर से निकलते ही नगर निगम प्रशासन द्वारा गॉड ऑफ ऑनर दिया गया। प्रशासन से आये होमगाड्र्स ने बैण्ड बजाकर बाबा की भ्रमण यात्रा को प्रस्थान कराया। नगर भ्रमण यात्रा कोतवालेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर खुनखुनजी रोड, कोनेश्वर मंदिर पहुंची जहां विराजमान विष्णुजी ‘हरि’ से ‘हर’ का अद्भुत मिलन हुआ। तत्पश्चात यात्रा कोणेश्वर चौराहा घूमकर चौक चौराहा, कंचन मार्केट, चरक चौराहा कमला नेहरू मार्ग होते हुए बैंड बाजे के साथ मंदिर में पुन: वापस आने पर भव्य आतिशबाजी के बाद यात्रा संपन्न हुई।

नगर भ्रमण यात्रा करते हुए कोतवालेश्वर महादेव ने नगरवासियों का हाल-चाल जाना। यात्रा में काफी सांख्य में भक्तगण उपस्थित रहे। महाराष्ट्र से आए रंगोली कलाकारों ने यात्रा के पूरे मार्ग पर रंगोली आस्था की मिसाल पेश की। प्रशासनिक घोड़े, लिल्ली घोड़ी, हाथी, ऊंट तथा विभिन्न मूर्ति वाली झांकियां निकाली गईं। डीजे इलु मस्ताना झांकी, ब्रास बैंड, बगियां, डमरू ग्रुप, बनारस की झांकी, भूत—प्रेत, शिवगणा, झंकार बैंड, शंकरजी की 11 फिट मूर्ति, पीले वस्त्रों में महिलाएं झांझ बजाती व भक्ती गीत गायी हुई यात्रा में शामिल हुई। भ्रमण यात्रा के दौरान भक्तों ने जगह—जगह फूलों की वर्षा कर कोतवालेश्वर महादेव का स्वागत किया।

महंत विशाल गौड़ ने बताया कि यात्रा में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्या, अपर्णा यादव (समाज सेविका भाजपा), नीरज सिंह (नेता भाजपा), डॉ महेंद्र सिंह (राज्यसभा सदस्य), विनय कटियार (पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा) शामिल हुए। इस अवसर पर श्री कोतवालेश्वर ट्रस्ट के अजय अग्रवाल, सोनू अग्रवाल, आनंद रस्तोगी, अजय खन्ना, संदीप अग्रवाल, अंकुर दीक्षित, पंकज अग्रवाल, अवध अग्रवाल, आशीष मिश्रा, डॉ राज कुमार वर्मा, अनुराग मिश्रा, निखिल अग्रवाल, आचार्य प० विजेंद्र नाथ गौड़,पं० हर्षित तिवारी, पं० शशांक वशिष्ठ,राजेश शुक्ला, नीरज अवस्थी आदि तमाम पदाधिकारी और भक्तगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button