अन्तर्राष्ट्रीय

टेकऑफ में रनवे से टकराई विमान की पूंछ, 2 घंटे तक हवा में चक्कर लगाने के बाद सुरक्षित लौटा बोइंग 787

म्यूनिख: जर्मनी के म्यूनिख एयरपोर्ट पर 15 अगस्त को वियतनाम एयरलाइंस के बोइंग 787 विमान के साथ उड़ान भरते समय बड़ा हादसा टल गया। हनोई जा रही उड़ान VN-34 के टेकऑफ के दौरान विमान की पूंछ रनवे से टकरा गई। इसके बाद विमान करीब दो घंटे तक म्यूनिख के ऊपर उड़ता रहा और ईंधन कम करने के बाद सुरक्षित एयरपोर्ट लौट आया।

विमान ने करीब 9,000 फीट की ऊंचाई पर म्यूनिख के ऊपर लगभग दो घंटे तक चक्कर लगाए। इस दौरान विमान ने ईंधन कम करने के लिए हवा में ही फ्यूल गिराया। इसके बाद उसे वापस म्यूनिख इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाया गया। टेल-स्ट्राइक की वजह से विमान के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

271 यात्री और 16 क्रू मेंबर थे सवार

हनोई जाने वाली वियतनाम एयरलाइंस की उड़ान VN-34 ने 15 अगस्त को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:45 बजे म्यूनिख एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। वियतनाम के सरकारी मीडिया के मुताबिक, विमान में 271 यात्री और 16 क्रू मेंबर सवार थे। सभी लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई है।

वियतनाम एयरलाइंस ने शुरुआती तौर पर विमान के वापस लौटने की वजह तकनीकी खराबी बताई थी। हालांकि, बाद में सामने आए घटनाक्रम में टेकऑफ के दौरान विमान की पूंछ के रनवे से टकराने की बात सामने आई।

टेकऑफ का वीडियो आया सामने

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें विमान रनवे पर तेजी से आगे बढ़ता दिखाई देता है। इसी दौरान तेज आवाज सुनाई देती है और विमान की पूंछ रनवे से टकराती नजर आती है। इसके बाद विमान हवा में उठता है और उसके पीछे धूल का बड़ा गुबार दिखाई देता है।

सुरक्षा कारणों से बंद किया गया नॉर्थ रनवे

घटना के बाद म्यूनिख एयरपोर्ट प्रशासन ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि नॉर्थ रनवे को बंद कर दिया गया है। इसके चलते हवाई यातायात में कुछ देरी की आशंका जताई गई थी।

विमान ने साउथ रनवे से उड़ान भरी थी, जबकि वापस लौटने के बाद उसकी लैंडिंग नॉर्थ रनवे पर कराई गई। इसके बाद सुरक्षा कारणों से नॉर्थ रनवे को बंद कर दिया गया था।

Related Articles

Back to top button