नवंबर में फिर आमने-सामने आ सकते हैं ट्रंप-किम जोंग उन, चीन में होने वाली बैठक के दौरान मुलाकात की तैयारी!

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के बीच इसी साल नवंबर में एक बार फिर आमने-सामने बैठक होने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप अपने अधिकारियों के साथ किम जोंग उन के साथ बैठक को लेकर चर्चा कर रहे हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात ट्रंप की एशिया यात्रा के दौरान चीन के शेनझेन में होने वाली एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग यानी एपीईसी बैठक के आसपास हो सकती है।
ट्रंप और किम के बीच संभावित मुलाकात ऐसे समय में चर्चा में आई है, जब कोरियाई प्रायद्वीप में अमेरिका, दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया के बीच सैन्य तनाव को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है। इसी बीच ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के साथ होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास को सीमित करने का निर्देश दिया है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इन सैन्य अभ्यासों को महंगा बताते हुए कहा कि इनसे उत्तर कोरिया को गलत और शत्रुतापूर्ण संकेत मिलते हैं। उन्होंने दक्षिण कोरिया की ओर से ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के युद्ध में मदद नहीं करने को लेकर भी नाराजगी जताई है।
ट्रंप बोले- किम जोंग उन ने उनके संपर्क का दिया जवाब
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि किम जोंग उन ने उनके हालिया संपर्क का जवाब दिया है। जब उनसे पूछा गया कि किम ने बातचीत की उनकी अपील का जवाब क्यों नहीं दिया, तो ट्रंप ने कहा, “आपको कैसे पता कि उसने जवाब नहीं दिया?” इसके बाद उन्होंने कहा कि हां, किम ने जवाब दिया है।
ट्रंप ने इस बातचीत को बहुत सकारात्मक बताया, लेकिन इसके बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की। उत्तर कोरिया की ओर से तत्काल इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, दक्षिण कोरिया ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका के साथ होने वाले सैन्य अभ्यास का उद्देश्य उत्तर कोरिया पर हमला करना नहीं है।
पहले तीन बार हो चुकी है ट्रंप-किम की मुलाकात
अगर नवंबर में ट्रंप और किम जोंग उन के बीच प्रस्तावित बैठक होती है तो यह ट्रंप के पहले कार्यकाल के बाद दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने मुलाकात होगी। इससे पहले दोनों नेता तीन महत्वपूर्ण मौकों पर मिल चुके हैं।
जून 2018, सिंगापुर: ट्रंप और किम जोंग उन की पहली ऐतिहासिक मुलाकात सिंगापुर में हुई थी। यह किसी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति और उत्तर कोरिया के नेता के बीच पहली आमने-सामने बातचीत थी। इस दौरान दोनों देशों ने कोरियाई प्रायद्वीप के परमाणु निरस्त्रीकरण की दिशा में काम करने पर सहमति जताई थी।
फरवरी 2019, हनोई: दोनों नेताओं की दूसरी औपचारिक बैठक वियतनाम के हनोई में हुई थी। परमाणु निरस्त्रीकरण और उत्तर कोरिया पर लगाए गए प्रतिबंधों में राहत को लेकर दोनों देशों के बीच सहमति नहीं बन सकी थी। इसके बाद बैठक बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई थी।
जून 2019, डीएमजेड: ट्रंप और किम ने कोरियाई सीमा पर स्थित डिमिलिटराइज्ड जोन में अचानक मुलाकात की थी। इस दौरान ट्रंप उत्तर कोरिया की सीमा में कुछ कदम अंदर जाने वाले पहले मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे। यह मुलाकात प्रतीकात्मक रूप से महत्वपूर्ण रही और दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत कूटनीति का एक और उदाहरण बनी थी।



