दिल्ली

दिल्ली में मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार, इलाके में पुलिस तैनात

दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में बुधवार देर रात विवाद के दौरान एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जय सिंह उर्फ गंजू के रूप में हुई है। बीचबचाव करने के दौरान आरोपियों ने उस पर चाकुओं से कई वार किए। उसे बचाने पहुंचे ससुर और चाचा ससुर पर भी हमला किया गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, जय सिंह भवन निर्माण के काम में सरिया बांधने का काम करता था। करीब एक सप्ताह पहले ही उसकी पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया था। इसी खुशी में बुधवार रात वह कल्याणपुरी स्थित अपने ससुराल पहुंचा था।

रात करीब 12:45 बजे ब्लॉक 11 और 15 के बीच सड़क पर ससुराल के घर के बाहर शोर-शराबा सुनाई दिया। आवाज सुनकर जय सिंह अपने ससुर बिट्टू और चाचा ससुर के साथ घर से बाहर आया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया।

अवैध शराब के ठिकाने की जानकारी मांगने का आरोप

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सड़क पर कुछ लोग सोनू नाम के युवक से अवैध शराब के ठिकाने के बारे में पूछताछ कर रहे थे। जानकारी नहीं देने पर आरोपियों ने सोनू के साथ मारपीट शुरू कर दी।

जय सिंह ने बीचबचाव करने की कोशिश की तो आरोपी उस पर भड़क गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने जय सिंह पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसे बचाने पहुंचे उसके ससुर और चाचा ससुर पर भी चाकू से वार किए गए।

अस्पताल में हुई मौत, रिश्तेदारों को इलाज के बाद मिली छुट्टी

हमले की सूचना मिलने के बाद घायलों को तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जय सिंह को मृत घोषित कर दिया। उसके घायल रिश्तेदारों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

कल्याणपुरी थाना पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हो सके और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button