
जयपुर: राजस्थान के जयपुर जिले के फागी क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। सड़क किनारे खेत से काटी गई मूंग की फसल सुखा रहे पति-पत्नी और उनकी दो बहुओं को तेज रफ्तार बेकाबू SUV ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों लोग करीब 20 फीट दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
कहां और कैसे हुआ हादसा?
हादसा सरमथुरा-फलोदी मेगा हाईवे पर फागी से करीब तीन किलोमीटर दूर माधोराजपुरा रोड पर हुआ। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे फागी के धामुनियों का मोहल्ला निवासी सत्यनारायण कुम्हार अपने खेत से काटी गई मूंग की फसल सड़क किनारे सुखा रहे थे। उनकी पत्नी और दो बहुएं भी फसल सुखाने के काम में मदद कर रही थीं।
इसी दौरान तेज रफ्तार SUV वहां पहुंची और चारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चारों लोग टक्कर की जगह से करीब 20 फीट दूर जा गिरे। हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान अमृता (30), पत्नी बद्री, शिमला (25), पत्नी सुरेश, मनमौ्ज (55), पत्नी सत्यनारायण और सत्यनारायण (60), पुत्र पंचूराम कुम्हार के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने सभी शवों को फागी उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया।
अमृता के परिवार में उनकी 15 साल की बेटी प्रियंका और 13 साल का बेटा हिमांशु हैं। परिवार पहले भी एक सड़क हादसे में अपने पांच साल के एक बेटे को खो चुका है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, मुआवजे की मांग
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही इलाके में शोक के साथ आक्रोश भी फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण फागी उप-जिला अस्पताल के बाहर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर जाम लगा दिया और धरने पर बैठ गए। हाईवे पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक अनिल डोरिया और थाना प्रभारी पुष्पेंद्र बंसीवाल पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और स्थिति शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
रात करीब 10 बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा और उपखंड अधिकारी बलबीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।



