
गुरुग्राम: ओल्ड गुरुग्राम में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सेक्टर-9 से डीएलएफ साइबर सिटी के बीच मेट्रो चलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड ने इस रूट के निर्माण के लिए टेंडर हरियाणा सरकार को मंजूरी के लिए भेज दिया है। सरकार की मंजूरी के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना को तीन चरणों में विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-9 तक मेट्रो का निर्माण होना है। इसी चरण में द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-101 तक स्पर भी बनाया जाना है। दूसरे चरण में सेक्टर-9 से डीएलएफ साइबर सिटी तक मेट्रो कॉरिडोर तैयार होगा।
दूसरे चरण के तहत 30.7 किलोमीटर लंबे रूट पर कुल 28 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। परियोजना के तीसरे चरण में सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो का निर्माण प्रस्तावित है। इस डिपो के निर्माण पर करीब 1409 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। टेंडर से जुड़ी तकनीकी और वित्तीय जांच फिलहाल चल रही है।
पहले चरण का 12 फीसदी काम पूरा
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में करीब 12 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, दूसरे चरण के निर्माण के लिए टेंडर हरियाणा सरकार की मंजूरी के लिए भेजा गया है। माना जा रहा है कि अगले महीने के पहले सप्ताह तक दूसरे चरण के निर्माण का टेंडर जारी किया जा सकता है।
इन इलाकों में बनेंगे मेट्रो स्टेशन
सेक्टर-9 से डीएलएफ साइबर सिटी तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर में सेक्टर-9, सेक्टर-7, सेक्टर-4, सेक्टर-5, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22, सेक्टर-21, उद्योग विहार फेज-1 और डीएलएफ साइबर सिटी में स्टेशन प्रस्तावित हैं।
कृष्णा चौक पर बनेगा फ्लाईओवर
मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण में कृष्णा चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जाएगा। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड ने इस फ्लाईओवर के निर्माण के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण से 100 करोड़ रुपये की मांग की है। प्रस्तावित फ्लाईओवर को भी मेट्रो निर्माण से जुड़े टेंडर में शामिल किया जाएगा।



