अपराध

जमीन के लिए बेटे ने पार की हैवानियत की हद! पिता को रातभर पीटा, मौत के बाद शव फंदे पर लटकाकर रचा आत्महत्या का नाटक

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा में जमीन के विवाद को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि बैनामा कराने से इनकार करने पर बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर 70 वर्षीय पिता की बेरहमी से पिटाई की। गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई तो आरोपियों ने घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।

छह बीघा जमीन को लेकर परिवार में था विवाद

महोबकंठ थाना क्षेत्र के कनकुआं गांव में रहने वाले रमजान के मुताबिक, उनके 70 वर्षीय पिता असगर अली ने छह बीघा जमीन उनके और उनके बेटे गुलफान के नाम कर दी थी। इसे लेकर रमजान के छोटे भाई शाकिर और उसकी पत्नी शकीना के साथ विवाद चल रहा था।

बताया गया कि बुधवार को शाकिर अपने पिता को बाइक से तहसील लेकर गया था। उसका उद्देश्य बची हुई जमीन का बैनामा कराना था, लेकिन असगर अली ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर शाकिर ने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें पीटते हुए घर ले आया।

रातभर पिटाई के बाद बुजुर्ग की मौत, फिर शव फंदे पर लटकाया

आरोप है कि घर पहुंचने के बाद शाकिर ने अपनी पत्नी शकीना के साथ मिलकर पिता की दोबारा पिटाई की। रातभर हुई मारपीट के दौरान गंभीर चोटें लगने से असगर अली की मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर शव को फांसी के फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।

पुलिस के मुताबिक, शाकिर के रोने-बिलखने के दौरान आसपास के लोगों को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

बड़े भाई की शिकायत पर बेटे और बहू हिरासत में

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि रमजान की शिकायत के आधार पर शाकिर और उसकी पत्नी शकीना के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पिता की जमीन अपने नाम नहीं होने से नाराज था आरोपी

पुलिस पूछताछ में शाकिर ने कथित तौर पर बताया कि उसे डर था कि पिता बची हुई जमीन भी बड़े भाई के नाम कर देंगे। इसी आशंका में वह अपना आपा खो बैठा। जानकारी के मुताबिक, शाकिर पहले भी पिता पर हमला कर चुका था। उसकी हरकतों के कारण ही असगर अली ने जमीन उसके नाम नहीं की थी।

ग्रामीणों ने शकीना को लेकर भी की शिकायतें

पुलिस को ग्रामीणों से शकीना के व्यवहार को लेकर भी जानकारी मिली है। ग्रामीणों के मुताबिक, वह अक्सर विवाद करती थी और कई बार लोगों के खिलाफ शिकायतें भी दर्ज करा चुकी थी। इसी वजह से गांव के लोग उससे दूरी बनाकर रखते थे।

Related Articles

Back to top button