
भाभी को मारने पहुंचा देवर, घर पर नहीं मिली तो बड़ी बहन को पेट में मारी गोली; कानपुर में सनसनी
कानपुर: पारिवारिक विवाद ने कानपुर में खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि एक देवर अपनी भाभी की हत्या करने के इरादे से उसके मायके पहुंचा, लेकिन भाभी उस समय घर पर नहीं थी। इसके बाद आरोपी ने उसकी बड़ी बहन को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया। पुलिस ने देवर समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दहेज उत्पीड़न के मुकदमे के बाद मायके में रह रही थी महिला
सत्तीचौरा घाट निवासी ओम प्रकाश मजदूरी करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी सुशीला, चार बेटियां रोशनी, चांदनी, सरोजिनी और अंजलि तथा बेटा युवराज है। सरोजिनी की शादी करीब छह साल पहले उन्नाव के कल्लूपुरवा निवासी संतोष से हुई थी। दो साल पहले उसके एक वर्षीय बेटे की मौत हो गई थी। इसके बाद सरोजिनी ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसकी सुनवाई उन्नाव की अदालत में चल रही है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह अपने मायके में रह रही थी।
पति से विवाद के बाद बढ़ा तनाव
रविवार शाम करीब चार बजे सरोजिनी का पति संतोष उसके मायके पहुंचा और विवाद करने लगा। आरोप है कि उसने सरोजिनी की मां और उसकी बड़ी बहन 40 वर्षीय चांदनी के साथ मारपीट की। इसके बाद चांदनी ने संतोष को घर से बाहर निकाल दिया। परिवार के मुताबिक, इसके कुछ घंटे बाद ही मामला और गंभीर हो गया।
देवर साथियों के साथ घर पहुंचा
रात करीब आठ बजे के बाद विनोद अपने साथ अजय, अंशू और दो अन्य लोगों के साथ सरोजिनी के मायके पहुंचा। आरोप है कि वहां पहुंचते ही सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। चांदनी ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान विनोद ने चांदनी के पेट में गोली मार दी। गोली लगने के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल चांदनी को केपीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भाभी को निशाना बनाने आया था आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि विनोद का कथित निशाना सरोजिनी थी। हालांकि, वारदात के समय सरोजिनी घर पर मौजूद नहीं थी। वह अपनी छोटी बहन अंजलि के साथ रात का खाना बनाने के लिए सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान विनोद और उसके साथी घर पहुंचे और वहां मौजूद चांदनी तथा उसकी मां से विवाद करने लगे। विरोध करने पर चांदनी को गोली मार दी गई।
दहेज केस को लेकर रंजिश का आरोप
सरोजिनी के मुताबिक, उसकी बड़ी बहन चांदनी ने करीब सात साल पहले इलाके में रहने वाले बावर्ची उपेंद्र से प्रेम विवाह किया था। उनकी तीन साल की बेटी परी है। रविवार होने के कारण चांदनी अपनी बेटी के साथ घर पर थी। सरोजिनी का आरोप है कि संतोष को चांदनी से भी रंजिश थी। उसे लगता था कि चांदनी की वजह से ही उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा चल रहा है।
तीन संदिग्ध हिरासत में, आरोपियों की तलाश जारी
वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डीसीपी पूर्वी के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस की जांच में वारदात की वजह, आरोपियों की भूमिका और गोली चलाने वाले व्यक्ति से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।



