
बदलते कार्य परिवेश के अनुरूप स्वयं को तैयार करने को किया प्रेरित
RSMT में नवप्रवेशी एमबीए एवं एमसीए छात्रों के अभिमुखीकरण कार्यक्रम का समापन
वाराणसी : राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (आरएसएमटी) में नवप्रवेशी एमबीए एवं एमसीए छात्रों के लिए आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम का समापन समारोह उत्साह पूर्वक संपन्न हुआ। अतिथियों का स्वागत निदेशक प्रभारी प्रो.अमन गुप्ता ने किया। समारोह में विशिष्ठ अतिथि गौरव रापेल, मानव संसाधन प्रमुख, खुदरा बैंकिंग, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बैंकिंग एवं व्यावसायिक क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, आवश्यक कौशल तथा उद्योग की अपेक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, व्यावसायिक दक्षताओं को विकसित करने तथा बदलते कार्य परिवेश के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. के.एस. जायसवाल, वाणिज्य एवं प्रबंधन अध्ययन विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक विकास के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने तथा ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल विकसित करने का संदेश दिया। इस अवसर पर पूर्व छात्र श्री अंकित सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक, ताज होटल, गोवा ने भी अपने विचार साझा किए। सत्र का संयोजन डॉ. गरिमा आनंद ने किया।
समापन समारोह के अवसर पर पौधरोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। पौधरोपण कार्यक्रम का संयोजन सुजीत सिंह एवं अनुराग सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों एवं गतिविधियों की कार्यक्रम प्रतिवेदन के माध्यम से जानकारी डॉ. विनिता कालरा ने प्रस्तुत की। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. संजय कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया।



