नर्मदा में बड़ा हादसा टला! 9 होमगार्ड जवानों को लेकर जा रही मोटरबोट पलटी, इंजन में फंसा लकड़ी का टुकड़ा

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शुक्रवार को नर्मदा नदी में गश्त के दौरान होमगार्ड के 9 जवानों को लेकर जा रही मोटरबोट अचानक पलट गई। हादसे के बाद जवानों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। सभी जवानों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने शनिवार को घटना की जानकारी दी।
गश्त के दौरान इंजन में फंसा लकड़ी का टुकड़ा
अधिकारियों के मुताबिक, ग्वारीघाट क्षेत्र में गश्त के लिए होमगार्ड की टीम को तैनात किया गया था। बरगी बांध के गेट खोले जाने के बाद नर्मदा नदी में निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी दौरान पानी में तैर रहा लकड़ी का एक टुकड़ा मोटरबोट के इंजन में फंस गया, जिससे इंजन खराब हो गया और तेज बहाव के बीच मोटरबोट डूबने लगी।
सभी जवानों ने पहन रखी थी लाइफ जैकेट
ग्वारीघाट थाना प्रभारी कन्हैया बघेल ने उन खबरों को खारिज किया, जिनमें मोटरबोट पर क्षमता से अधिक जवानों के सवार होने की बात कही गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के समय नौका में मौजूद सभी जवानों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। उन्होंने यह दावा भी गलत बताया कि मोटरबोट में केवल चार लोगों के बैठने की क्षमता थी और उस पर दोगुने लोग सवार थे।
कुछ जवान तैरकर निकले, स्थानीय नाविकों ने भी की मदद
मोटरबोट के डूबने के दौरान तेज बहाव के बीच जवानों में घबराहट फैल गई। कुछ जवान तैरकर सुरक्षित स्थान तक पहुंच गए। वहीं, आसपास मौजूद स्थानीय नाविकों ने तुरंत मदद के लिए पहुंचकर बाकी जवानों को भी पानी से बाहर निकाल लिया।
पुलिस और होमगार्ड अधिकारी कर रहे घटना की जांच
घटना के बाद पुलिस और होमगार्ड के अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। होमगार्ड कमांडेंट नीरज सिंह ठाकुर ने बताया कि बरगी बांध के गेट खोले जाने के बाद नर्मदा के घाटों को लेकर सतर्कता बरतने का अलर्ट जारी किया गया था। इसी के तहत ग्वारीघाट में होमगार्ड की एक टीम तैनात की गई थी।
कुछ महीने पहले बरगी में हुआ था बड़ा नौका हादसा
जबलपुर में यह घटना 30 अप्रैल को बरगी क्षेत्र में हुए नौका हादसे के कुछ महीने बाद सामने आई है। उस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई थी। इस बार हुए हादसे में सभी 9 होमगार्ड जवानों के सुरक्षित बच जाने से बड़ा नुकसान टल गया।



