
डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
कालीचरण पीजी कालेज में शिक्षक दिवस पर संगोष्ठी आयोजित
लखनऊ : कालीचरण पीजी कॉलेज के श्याम सुंदर दास सभागार में शिक्षक दिवस के अवसर पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज के प्रबंधक इंजीनियर वी.के. मिश्रा ने महाविद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के सम्मान समारोह के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने उपस्थित सभी जनों से डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
परिचर्चा की शुरुआत करते हुए डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों के समक्ष स्वयं को निरंतर अपडेट करने की बड़ी चुनौती है। इस अवसर पर कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर प्रो. डी.सी.डी.आर. पांडेय, प्रो.मीना कुमारी, प्रो.वी.एन. मिश्रा, प्रो.अर्चना मिश्रा एवं प्रो. मनोज पांडेय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ.अरुण कुमार यादव ने किया। परिचर्चा के दौरान सभी शिक्षकों ने ज्ञान और आधुनिक तकनीक के बीच बेहतर तालमेल बिठाने पर जोर दिया।

इससे पूर्व इंटरमीडिएट कॉलेज में भी शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें दो सेवानिवृत्त शिक्षकों अवनीश कुमार पांडेय एवं जोखू राम को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर उनके परिजन भी उपस्थित रहे। शिक्षक दिवस की एक मुख्य विशेषता यह रही कि इसमें प्रदेश स्तर पर विजयी रही हैंडबॉल प्रतियोगिता की टीम को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। प्रबंधक ने इंटरमीडिएट कॉलेज के समग्र विकास के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री अनिल कुमार मिश्रा के साथ सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन कालीचरण पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. चंद्र मोहन उपाध्याय द्वारा किया गया।



