उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

डॉ.राधाकृष्णन का जीवन शिक्षकों के लिए प्रेरणा स्रोत : डॉ.भरत राज सिंह

SMS में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

लखनऊ : स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेस (SMS), लखनऊ परिसर में 5 सितंबर को भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन अभिव्यक्ति क्लब के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरद सिंह ने सभी शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षण एवं संस्थागत दायित्वों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण समर्पण एवं प्रतिबद्धता से निभाने का संदेश दिया।

महानिदेशक डॉ.भरत राज सिंह ने डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ.राधाकृष्णन का जीवन शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज के तकनीकी एवं तीव्र गति से बदलते युग में शिक्षक की भूमिका केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षक को मार्गदर्शक, प्रेरक, मेंटर, रोल मॉडल एवं परिवर्तन के वाहक के रूप में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देना चाहिए। डॉ. सिंह ने कहा कि एक उत्कृष्ट शिक्षक वह है जो स्वयं निरंतर सीखता रहे, विद्यार्थियों में जिज्ञासा एवं रचनात्मकता विकसित करे, उन्हें चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करे तथा ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करे। उन्होंने शिक्षकों से डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बनाने का आह्वान किया तथा उत्कृष्ट शिक्षक बनने का मंत्र बताया।

निदेशक डॉ.आशीष भटनागर ने अपने सहज एवं विनोदी अंदाज में संस्थान से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार एवं आत्ममंथन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं सह निदेशक डॉ. धर्मेन्द्र सिंह ने शिक्षकों को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि शिक्षक का व्यक्तित्व एवं आचरण विद्यार्थियों के भविष्य को गहराई से प्रभावित करता है। समारोह में निदेशक (प्रशासन) डॉ. जगदीश सिंह, अधिष्ठाता–छात्र कल्याण डॉ. पी.के. सिंह, अधिष्ठाता–इंजीनियरिंग डॉ. मोहम्मद हुसैन, उप महाप्रबंधक राहुल अवस्थी एवं कुलसचिव एस.एन. शुक्ला सहित 200 से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संस्थान की नियमावली के अनुरूप उत्कृष्ट कार्य एवं कर्मठता से अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति संबंधी सूचना भी साझा की गई। इस अवसर पर शरद ने उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उपहार प्रदान करने से समारोह और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। समारोह का समापन शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, नैतिक मूल्यों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दोहराने के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button