बिहारराज्य

बिहार में माफिया-अपराधियों पर बड़ा एक्शन, 4000 से ज्यादा की संपत्ति जब्त करने की तैयारी; 800 मामले कोर्ट में

बिहार: अपराध से संपत्ति अर्जित करने वाले 4000 से अधिक अपराधियों और माफियाओं की संपत्तियां जब्त करने की तैयारी है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने एसपी की अनुशंसा के आधार पर इससे जुड़ा प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें 800 मामले न्यायालय में प्रक्रियाधीन हैं। सोमवार को एडीजी (मुख्यालय) सुनील कुमार और एडीजी (विधि-व्यवस्था) केएस अनुपम ने इसकी जानकारी दी। पुलिस मुख्यालय में एडीजी (विधि-व्यवस्था) ने बताया कि बीएनएसएस की धारा 107 के तहत संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

तीन महीने में 23,958 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

एडीजी (विधि-व्यवस्था) के मुताबिक जून से अगस्त के बीच तीन महीनों में 23,958 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें पुलिस पर हमले के मामलों में 1166, सांप्रदायिक हिंसा में 42, भीड़ की हिंसा में 11 और हर्ष फायरिंग के मामलों में 10 आरोपित शामिल हैं। इन श्रेणियों में कुल 1229 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई।

इसके अलावा हत्या के मामलों में 1270, एससी-एसटी एक्ट के तहत 784, डकैती के मामलों में 214 और लूट के मामलों में 473 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

पटना में 400 महिला छात्रावास बिना निबंधन के मिले

राज्यभर में महिला छात्रावासों और कोचिंग संस्थानों की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। केएस अनुपम ने बताया कि इस अभियान के दौरान अकेले पटना में 400 महिला छात्रावास बिना निबंधन के पाए गए हैं। निजी महिला छात्रावासों पर नजर रखने के लिए पुलिस दीदी की मदद ली जा रही है। साथ ही इन स्थानों पर सुरक्षा संबंधी ऑडिट भी कराया जा रहा है।

बक्सर में स्कूली छात्राओं के साथ गलत हरकत करने के आरोपित शिक्षकों के मामले में सभी आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली गई है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार इनके खिलाफ जल्द ही आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। इस मामले की लगातार निगरानी की जा रही है।

10 दिन में 33,390 लंबित कांडों का निपटारा

एडीजी (मुख्यालय) सुनील कुमार ने बताया कि लंबित कांडों के पर्यवेक्षण और उनके निष्पादन के लिए भी विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत 10 दिनों में 33,390 कांडों का निष्पादन किया गया। इनमें एसपी स्तर पर 10,875, डीएसपी स्तर पर 9159 और अंचल पुलिस निरीक्षक स्तर पर 13,356 कांडों का निष्पादन किया गया।

Related Articles

Back to top button