छत्तीसगढ़राज्य

CM विष्णुदेव साय आज देखेंगे ‘हनुमान अंश’ फिल्म, 2 करोड़ के बजट में बनी मूवी को लेकर बढ़ी उत्सुकता

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार शाम ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखने जाएंगे। मुख्यमंत्री एक निजी मॉल में फिल्म का प्रदर्शन देखेंगे। उनके साथ प्रदेश सरकार के कुछ मंत्री भी फिल्म देखने पहुंचेंगे। 7 अगस्त को रिलीज हुई यह फिल्म अपने प्रदर्शन और कमाई को लेकर चर्चा में है।

करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने अपनी लागत से अधिक कमाई कर ली है। फिल्म की चर्चा लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री के फिल्म देखने के बाद अब इस बात को लेकर भी उत्सुकता है कि क्या राज्य सरकार इसे कर मुक्त करने पर कोई फैसला लेती है।

‘हनुमान अंश’ की टीम ने सीएम योगी से की थी मुलाकात

फिल्म की टीम ने हाल ही में लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल में फिल्म के निर्माता, लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, मुख्य अभिनेता शोभिनव और फिल्म से जुड़े अन्य प्रमुख कलाकार व टीम के सदस्य शामिल थे।

मुलाकात के दौरान विशाल चतुर्वेदी और शोभिनव ने मुख्यमंत्री योगी को फिल्म की विषयवस्तु और उसकी आध्यात्मिक यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

बाबा नीम करोली के जीवन और हनुमान भक्ति पर आधारित है फिल्म

फिल्म की टीम ने बताया कि ‘हनुमान अंश’ श्रद्धेय संत बाबा नीम करोली के जीवन, उनकी आध्यात्मिक साधना और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट भक्ति को केंद्र में रखकर बनाई गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म से जुड़े लोगों के प्रयासों की सराहना की और पूरी टीम को इसकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान फिल्म की विषयवस्तु और आध्यात्मिक पक्ष को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई।

CM साय के फिल्म देखने से बढ़ी चर्चा

अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के ‘हनुमान अंश’ देखने जाने से फिल्म को लेकर छत्तीसगढ़ में चर्चा और बढ़ गई है। फिल्म के प्रदर्शन के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार की ओर से इसे कर मुक्त करने को लेकर कोई निर्णय लिया जाता है या नहीं।

Related Articles

Back to top button